बाराबंकी: बर्निग ट्रेन होने से बची न्यू जलपाई गुड़ी एक्सप्रेस, चपेट में आए यात्री की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली से चलकर न्यू जलपाईगुड़ी असम जा रही ट्रेन सोमवार को बर्निंग ट्रेन होते होते बच गई। सफेदाबाद रेलवे स्टेशन से निकल रही ट्रेन की पहियों में धुआं व आग की चिंगारी उठते देख स्टेशन मास्टर की सक्रियता से ट्रेन रोकी गई जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू हुआ।
इस दौरान मची अफरातफरी में ट्रेन की चपेट में आकर एक यात्री घायल हो गया जिसको एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
सोमवार को दिन में लखनऊ से चलकर 11.22 बजे सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास पहुंची नई दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी असम जा रही ट्रेन के कोच नंबर तीन की पहियों से चिंगारी व धुआं निकल रही थी। इस दौरान सफेदाबाद रेलवे स्टेशन मास्टर देवेंद्र शुक्ला ने यह देखा तो उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम फोनकर ट्रेन रूकवाने की बात कही। इस पर गेट नंबर 181 के पास ट्रेन रुक गई।
ट्रेन में आग लगने की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गया व सभी नीचे कूदकर भागने लगे। हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने बिना फायर ब्रिगेड को बुलाए ही पहियों से निकल रही चिंगारी को काबू किया। बताया गया है कि पहियों में ब्रेक के पास चिंगारी निकलने लगी थी जिसे सही किया गया। इस दौरान करीब 25 मिनट तक रुकने के बाद 11.45 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना की जा सकी।
मरने वाले यात्री की नहीं हुई पहचान
ट्रेन में आग लगने की सूचना फैलने से यात्रियों व आस पास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोग ट्रेन रोकने के लिए शोर मचाने लगे। इस दौरान एक 45 वषीर्य यात्री अचानक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्टेशन मास्टर द्वारा एंबुलेंस बुलवाकर यात्री को जिला अस्पताल भेजवाया गया, तब तक उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
बीस मिनट खड़ी रही आम्रपाली
नई दिल्ली से चलकर न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन में आग लगने के बाद उसे रोकने के चलते पीछे से आ रही आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन करीब बीस मिनट तक खड़ी रही। न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस जाने के बाद आम्रपाली एक्सप्रेस को निकाला जा सका।
घटना पर स्टेशन अधीक्षक सफेदाबाद देवेंद्र शुक्ला का कहना है कि नई दिल्ली से न्यूजलपाई गुड़ी जा रही ट्रेन का लखनऊ के बाद गोरखपुर में ही स्टॉपेज है। सोमवार को दिन में 11.22 बजे सफेदाबाद स्टेशन से निकल रही ट्रेन के डिब्बे मेें चिंगारी व धुआं उठते देख उसे रुकवाया गया। इस दौरान एक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया था जिसकी अस्पताल में मौत होने की सूचना मिली है। ट्रेन में पहिया व ब्रेक के बीच चिंगारी उठने लगी थी जिसे सही करवाने के बाद ट्रेन यहां से आगे रवाना की गई है।