यूपी 100 पर अब एंबुलेंस और आग लगने पर भी मिलेगी मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जल्द ही यूपी 100 पर कॉल करने पर एंबुलेंस सेवा और आग लगने पर भी मदद मुहैया होगी। इससे अगर आपको पुलिस और चिकित्सा सहायता की जरूरत एक साथ है तो 100 और 108 नंबरों पर अलग-अलग कॉल नहीं करना होगा।
यूपी 100 पर ही चिकित्सा की जरूरत बताने पर सहायता मिल जाएगी। इसी तरह आग लगने की भी सूचना देने पर मदद मुहैया कराई जाएगी।
दरअसल, सरकार यूपी 100 में पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निश्मन से जुड़ी सेवाओं का एकीकरण करने जा रही है। पुलिस सेवा तो पहले से ही चल रही है। अग्नि सेवा को इससे जोड़ा जा चुका है और अब जल्द ही चिकित्सा सुविधा को भी इससे जोड़ा जाएगा।
प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि इससे न सिर्फ पीड़ित के समय की बचत होगी, बल्कि एक क्लिक पर यूपी 100 से आपका निजी डाटा चिकित्सा सहायता या अग्नि सहायता के लिए 108 और 101 के कंट्रोल रूम को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
एक ही क्लिक में मिलेगी जानकारी
प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर तैयार कराया गया है। इसके जरिए यूपी 100 को एंबुलेंस सेवा (108) और अग्निशमन सेवा (101) के साथ लिंक कराया जाएगा।
पुलिस सहायता के लिए फोन करने वाले को अगर एंबुलेंस या आग लगने पर मदद की जरूरत होगी तो यूपी 100 के सॉफ्टवेयर पर एंबुलेंस या फायर सर्विसेज के कॉलम में क्लिक करते ही सारी जानकारी संबंधित के डैशबोर्ड पर फ्लैश होने लगेगी।
सीएम ऑफिस से भी जुड़ेगा यूपी 100
यूपी 100 के डैशबोर्ड से सीएम ऑफिस को भी जोड़ा जा रहा है। इससे सीएम ऑफिस के अधिकारी एक क्लिक पर पता कर सकेंगे कि किस क्षेत्र में यूपी 100 को और बेहतर करने की जरूरत है।
प्रमुख सचिव ने बताया कि सभी जिला पुलिस को एप व सॉफ्टवेयर से जोड़ने की जो योजना है। इससे डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह व सीएम ऑफिस आईडी पासवर्ड के जरिए इनकी निगरानी कर सकेंगे।