दरोगा भर्ती: दूसरी बार में भी नहीं हुआ बायोमीट्रिक मिलान, मिलेगा एक और मौका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरोगा भर्ती 2016 के लिए 141 अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट का विशेषज्ञों की मौजूदगी व भर्ती बोर्ड की ओर से गठित कमेटी के सामने दोबारा बायोमीट्रिक मिलान किया गया। इसमें सात अभ्यर्थियों के परीक्षा के समय लिए गए फिंगर प्रिंट और दुबारा लिए गए फिंगर प्रिंट में अंतर पाया गया। वहीं 18 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अब इन सभी को एक बार और मौका दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 141 अभ्यर्थियों को दोबारा बायोमीट्रिक के मिलान के लिए बुलाया था। इन अभ्यर्थियों से ऑनलाइन परीक्षा के दौरान लिए गए बायोमीट्रिक का मिलान शारीरिक परीक्षा के दौरान ली गई बायोमीट्रिक से नहीं हो सका था।
इन्हें 17 और 18 जुलाई को यूपी 100 भवन में दोबारा बायोमीट्रिक मिलान के लिए बुलाया गया। इस दौरान 123 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जिनमें से 77 अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट का मिलान हो गया। सात अभ्यर्थियों के बायोमीट्रिक मेल नहीं खाए। 39 अभ्यर्थियों की फिंगर प्रिंट मिलान की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट मिलान नहीं हुए और जो अनुपस्थित रहे, उन्हें एक और मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहते हैं या उनके फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो पाता है तो ऐसे अभ्यर्थियों के बारे में बोर्ड निर्णय लेगा। जिन अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट का मिलान हो जाता है, उन्हें जल्द ही दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
...तो क्या इनके स्थान पर किसी और ने दी थी परीक्षा?
जानकारों का कहना है कि जिन सात अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो सका है, संभव है कि इन अभ्यर्थियों के स्थान पर किसी और ने ऑनलाइन परीक्षा दी हो। तीसरी बार में भी इन अभ्यर्थियों के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं होता है, तो इनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
3307 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया
दरोगा के 3307 पदों के लिए 2016 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। जुलाई 2017 में इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा कराई गई, लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई। 12 से 23 दिसंबर 2017 के बीच दोबारा ऑनलाइन परीक्षा कराई गई। इस परीक्षा के लिए 6.30 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।