ये हैं यूपी के वो ‘युवा’जो बॉलीवुड में मचाएंगे तहलका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाल ही की सुपरहिट फिल्मों में शुमार हुई फिल्म तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के लेखक हिंमाशु शर्मा लखनऊ के हैं। अब यूपी से जुड़े लोगों की एक और बड़ी खेप बॉलीवुड में आ रही है।
आने वाली फिल्म युवा में निर्देशक सहित फिल्म के कई चेहरे यूपी के हैं। ये चेहरे यकीनन ये विश्वास जगाते हैं कि यदि लगन हो तो यूपी के लड़के-लड़कियां भी कहीं भी पहुंच सकते हैं।
निर्भया रेप केस ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। उसे न्याय दिलाने के लिए युवा सड़कों पर उतर आए थे।
उन्हीं दिनों में ग्रेटर नोएडा दादरी के मूल निवासी निर्देशक जसबीर एस भाटी ने तय किया कि ऐसी फिल्म बनानी है, जो इस हैवानियत के खिलाफ हो। भाटी इससे पहले टीवी सीरियल बनाते रहे हैं।
दो साल की कड़ी मेहनत के बाद भाटी अपनी फिल्म लेकर आ रहे हैं, युवा। फिल्म की कहानी का केंद्र दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश है। भाटी ने एनसीआर और यूपी के कुछ इलाकों में पूरी फिल्म शूट की है।
युवा 26 जून को रिलीज हो रही है। भाटी ने फिल्म के लिए ज्यादातर ऐसे चेहरे चुने हैं जो उत्तर भारत से है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब।
उल्लेखनीय है कि देश के इन राज्यों से महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाएं बीते बरसों में तेजी से सामने आई हैं। अभिनय के स्तर पर फिल्म के युवा भले ही बहुत जाने-पहचाने चेहरे नहीं हैं, मगर गुमनाम भी नहीं हैं। वे लगातार संघर्ष करते हुए जगह बना रहे हैं।
ये है फिल्म की कहानी
फिल्म ऐसे पांच युवा दोस्तों की कहानी है जो जिंदगी में बेफिक्र हैं। उनकी शैतानियों के कारण माता-पिता उन्हें घर के नजदीकी स्कूल से निकालकर अंग्रेजी अनुशासन वाले स्कूल में पढ़ने भेज देते हैं।
लेकिन ऐसे महानगरीय समाज में जहां लोग अपने घर से बाहर किसी का हाल पूछना गवारा नहीं करते, यह लड़के एक रात रेप के बाद सड़क पर फेंक दी गई लड़की की न केवल जान बचाते हैं, बल्कि उसे इंसाफ दिलाने की लड़ाई भी लड़ते हैं।
भाटी कहते हैं, ‘सवाल यह है कि रेप के अपराधियों को क्या सजा दी जानिए। हमने फिल्म में जो निष्कर्ष दिखाया है निश्चित रूप से वह सरकार को भी सोचने पर विवश करेगा।’
फिल्म के पांच दोस्तों में जहां विक्रांत राय आजमगढ़ (यूपी) और मोहित बघेल मथुरा (यूपी) के हैं, वहीं रोहन मेहरा अमृतसर (पंजाब) से हैं। लवीन गोठी और मेघव्रत सिंह राजस्थान से हैं।
कुश्ती के साथ अभिनय की दुनिया में पहुंचे हरियाणा के संग्राम सिंह समेत बॉलीवुड सितारे जिमी शेरगिल, ओम पुरी, रजत कपूर, संजय मिश्रा और अर्चना पूरन सिंह भी फिल्म में नजर आएंगें।
रेप के विरुद्ध इस लड़ाई में नायिकाओं की भूमिका में हिमाचल प्रदेश की शेफाली सिंह, दिल्ली की पूनम पांडे, जयपुर की युक्ति कपूर समेत नागपुर की नेहा खान दिखाई देंगी।
‘निर्भया कांड से नहीं है संबंध’
शेफाली और युक्ति इस फिल्म से जहां बॉलीवुड करियर शुरू कर रही हैं, वहीं फिल्म के को-
राइटर/ऐक्टर मेघव्रत इससे पहले पिछले साल फिल्म कुकु माथुर की झंड हो गई में नजर आए
थे।
युक्ति आने वाले दिनों में सनी देओल की घायल वंस अगेन में भी नजर आएंगी। टीवी पर काव्यांजली, घर की लक्ष्मीः बेटियां और मायका से पहचान बनाने वाले विक्रांत राय की भी इस फिल्म से बॉलीवुड में शुरुआत हो रही है। क्या इस फिल्म का निर्भया रेप केस से कोई संबंध है?
भाटी कहते हैं, ‘हमारी कहानी रेप के खिलाफ है और हमने रेप को केंद्र में रखते हुए भी इसे कहीं नहीं दिखाया है। मेरी कहानी का निर्भया कांड से कोई संबंध नहीं है लेकिन मुझे हर उस व्यक्ति से शिकायत है जो रेप की शिकार उस लड़की को देख कर भी वहां से चला गया था। जिसने उसकी कोई मदद नहीं की।’