थाईलैंड के होटल में मौत: 'दामाद ने पेशे का उठाया फायदा, दवा खिलाई फिर मार डाला...', फफक पड़े प्रियंका के पिता
Death Of Doctor Wife: थाईलैंड के होटल में बेटी की मौत के बाद पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि 'दामाद ने पेशे का फायदा उठाया और दवा खिलाकर बेटी को मार डाला।
विस्तार
थाईलैंड के होटल में प्रियंका की मौत के मामले में आरोपी पति डॉ. आशीष संदेह के घेरे में है। वृंदावन योजना सेक्टर 16 बी में रहने वाले प्रियंका के पिता सत्यनारायण का आरोप है कि आशीष ने अपने पेशे का फायदा उठाते हुए प्रियंका को कोई दवा आदि खिलाकर बाथटब में डुबाकर मारा है।
उन्होंने बताया कि वृंदावन योजना स्थित एल्डिको सौभाग्यम निवासी डॉ. आशीष की हरकतों से परेशान होकर बेटी ने 25 सितंबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आशीष के पिता राधा मोहन श्रीवास्तव ने संपर्क किया था। राधा मोहन के हस्तक्षेप पर सात अक्तूबर 2022 को समझौता हो गया था।
समझौते के बाद भी मारपीट करता था दामाद
आशीष के पिता ने कहा था कि अब कभी प्रियंका को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। इस पर बेटी को आशीष के साथ भेज दिया था। आरोप है कि आशीष समझौते के बाद भी मारपीट करता था। ससुराल में भी मारपीट की थी। बच्चे के भविष्य के लिए बेटी सब बर्दाश्त करती रही।
उठ रहे कई सवाल ?
सत्य नारायण का कहना है कि आशीष ने आठ जनवरी को तड़के तीन बजे उन्हें फोन किया। बताया कि आपकी बेटी की बाथटब में डूबने से मौत हो गई है। आरोप है कि साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की गई है। सवाल ये है कि प्रियंका बाथटब में कैसे पहुंचीं और उस दौरान आशीष कहां था?
पत्नी का शव छोड़कर लौटा
सत्यनारायण ने बताया कि सात जनवरी को बेटी ने घर पर फोन किया था। बताया था कि रात में पता नहीं क्या खिलाया गया था कि वह होश में नहीं थी। पूरी रात उल्टी हुई। इसके अगले दिन आठ जनवरी को बेटी की मौत की सूचना मिली। आरोप है कि नौ जनवरी को ही आशीष के घरवाले पटाया पहुंच गए थे। एक दिन बाद बेटी का शव छोड़कर लौट आए।
आरोप : आशीष करा सकता है कोई भी घटना
सत्यनारायण के मुताबिक आशीष उनके परिवार के साथ भी कोई घटना कर सकता है। कार्रवाई की मांग की है। अभी प्रियंका का शव नहीं आया है। इंस्पेक्टर रवि शंकर त्रिपाठी के मुताबिक आशीष के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।