{"_id":"64bd27b9a468e8bbea0c3915","slug":"facilities-of-luxury-cruise-in-ayodhya-sarayu-river-2023-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या: इस साल के अंत तक सरयू में चलने लगेगा लक्जरी क्रूज, मिलेंगी हवाई जहाज जैसी सुविधाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या: इस साल के अंत तक सरयू में चलने लगेगा लक्जरी क्रूज, मिलेंगी हवाई जहाज जैसी सुविधाएं
Sun, 23 Jul 2023 06:44 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sun, 23 Jul 2023 06:44 PM IST
सार
अयोध्या में एक तरफ राम मंदिर का भव्य निर्माण चल रहा है दूसरी ओर कई ऐसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं जो पर्यटकों का मन मोह लें।
विज्ञापन
यह क्रूज की एक सांकेतिक तस्वीर है।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रामनगरी अयोध्या हर तरफ से सज और संवर रही हैं। एक तरफ जहां राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है वहीं दूसरी ओर अयोध्या में कई ऐसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं जो पर्यटकों का मन मोह लें। इसी कड़ी में रामनगरी में प्रवाहित सरयू में इसी साल के अंत तक लक्जरी क्रूज तैरना शुरू कर देगा। सरयू नदी में सोलर रामायण क्रूज के संचालन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। गुप्तारघाट पर क्रूज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, करीब 40 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इस दीपोत्सव से पहले क्रूज का संचालन शुरू हो सके, ऐसा लक्ष्य लेकर योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विज्ञापन
इस बार दीपोत्सव का आकर्षण सरयू में तैरती क्रूज के जरिए बढ़ सकेगा। 10 करोड़ की लागत से गुप्तारघाट इलाके में सोलर रामायण क्रूज के निर्माण में केरल के दो इंजीनियरों की टीम लगी है। फाइबर से तैयार हो रहे क्रूज का संचालन वाराणसी की अलकनंदा क्रूज लाइन को करना है। अलकनंदा क्रूज के विकास मालवीय ने बताया कि राष्ट्रीय जलमार्ग 40 पर पड़ने वाले सरयू नदी के गुप्तारघाट से नयाघाट तक क्रूज चलाने को लेकर मई 2023 में सर्वे हो चुका है। निर्माण कार्य गुप्तारघाट पर चल रहा है। कोलकाता से इसके पार्ट्स मंगाए गए हैं। जिन्हें यहां असेंबल किया जा रहा है अब तक करीब 40 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
विज्ञापन
दो मंजिला क्रूज में बैठ सकेंगे 160 यात्री
दो मंजिला क्रूज पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। 160 यात्री बैठ सकेंगे। हर तल पर 80 यात्री बैठ पाएंगे। क्रूज में सफर करने वाले यात्रियों को हवाई जहाज जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। क्रूज पर रामायण के प्रसंग भी उकेरे जाने की योजना है। क्रूज के जरिए भक्त अयोध्या की आध्यात्मिकता को निहार सकेंगे। लाइट एंड साउंड सिस्टम सहित अन्य आधुनिक सुविधाओं से यह क्रूज लैस होगा।
विज्ञापन