'मोदी को पीएम नहीं बनाना चाहते अमित शाह'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा से टिकट न मिलने से खफा श्रीराम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती ने शुक्रवार को तीखे आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लेकर मंदिर आंदोलनों से जुड़े संतों को गाली देने वाले और बलात्कार के आरोपी लोकसभा का टिकट पा गए।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद संतों को टिकट नहीं मिला। वेदांती ने प्रदेश भाजपा प्रभारी और मोदी के खास सिपहसलार अमित शाह पर भी तीखे आरोप लगाए। कहा कि वे नहीं चाहते कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने।
हिंदू धाम स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में वेदांती ने जगदंबिका पाल, दद्दन मिश्रा, हरिओम पांडेय व कीर्तिवर्धन का नाम गिनाते हुए कहा कि इन लोगों का भाजपा से कभी लेना-देना नहीं रहा।
मोदी को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय साजिश
वेदांती यहीं नहीं रुके। उन्नाव से भाजपा प्रत्याशी बनाए गए साक्षी महाराज का नाम लेते हुए कहा कि बलात्कार के आरोपी तक को उम्मीदवार बना दिया गया, लेकिन हिंदू हितों के लिए जूझने वाले चिन्मयानंद जैसे संतों को टिकट नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने की अंतरराष्ट्रीय साजिश हो रही है। इसमें आतंकवादी संगठन तक शामिल हैं, जिनके प्रभाव में पार्टी के कुछ नेता गलत लोगों को टिकट दे रहे हैं।
पूर्वांचल में भाजपा जीतेगी सिर्फ चार सीट
वेदांती ने कहा कि जिस अमित शाह को भेजा गया था कि यूपी में अच्छे व चरित्रवान लोगों को लड़ाया जाए, वे राममंदिर, हिंदुत्व व भाजपा विरोधियों को चुन-चुन कर टिकट दे रहे हैं।
ऐसे लोग नहीं चाहते कि मोदी प्रधानमंत्री बने। कहा कि जिस पूर्वांचल से काफी सीटें मिलने की उम्मीद थी, वहां से अब सिर्फ चार नेता मोदी, योगी, वरुण व कलराज ही जीत पाएंगे।
उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह ने उन्हें अंबेडकरनगर से टिकट के लिए आश्वस्त किया था लेकिन अयोध्या वापसी के दौरान ट्रेन में ही उन्हें टिकट कटने की सूचना मिल गई थी।
बसपा में जाने के सवाल पर कहा कि यह महज अफवाह हैं। मैं भाजपा जीवनभर नहीं छोड़ सकता।
टिकट मिलते ही नेताजी बांटने लगे नोट
कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी और बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या के अशर्फी भवन चौराहे पर सौ-सौ और पांच-पांच सौ के नोट बांटे।
भाजपा से टिकट मिलने के बाद वे पूजा करने हनुमानगढ़ी गए हुए थे। इस दौरान बृजभूषण ने 27 वाहनों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन भी किया।
एसएसपी ने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।