बिजली उपभोक्ताओं को तगड़ा ‘झटका’ दे रहे स्मार्ट मीटर, कंपनी को नोटिस भेजने की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में लगवाए जा रहे स्मार्ट मीटर बिजली उपभोक्ताओं को तगड़ा ‘झटका’ दे रहे हैं। एक किलोवाट के उपभोक्ताओं का लोड जंप करके 60-65 किलोवाट तक पहुंच रहा है। अब तक 2600 से ज्यादा ऐसी शिकायतें मिली हैं।
राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, प्रयागराज व गोरखपुर में स्मार्ट मीटर में गड़बड़ियां सामने आने के बाद पावर कॉर्पोरेशन ने भारत सरकार के उपक्रम एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है तथा जवाब तलब किया है। स्मार्ट मीटर ईईएसएल द्वारा ही लगवाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर आपूर्ति करने वाली कंपनियों को नोटिस जारी करने की भी तैयारी है।
प्रदेश में अब तक लगभग सात लाख से ज्यादा स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज व गोरखपुर में उपभोक्ताओं के घरों में लगे स्मार्ट मीटर के अधिकतम भार का पैरामीटर बड़े पैमाने पर जंप कर रहा है। एक किलोवाट के उपभोक्ता का भार जंप करके कहीं 55, कहीं 60 तो कहीं 65 किलोवाट तक पहुंच गया जिससे बिल कई गुना ज्यादा बन गया।
पावर कॉर्पोरेशन ने स्मार्ट मीटर में गड़बड़ियों की बात स्वीकार करते हुए ईईएसएल को भेजे गए पत्र में कहा है कि वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में लगभग 2012 मीटर का भार अत्यधिक जंप हुआ है। इसमें जेन मेक मीटरों की संख्या 242 और जीनस मेक मीटरों की संख्या 1770 है। लखनऊ में ऐसे 500 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह संख्या अभी बढ़ सकती है।
गड़बड़ियों से आम जनता के बीच गया गलत संदेश
ईईएसएल व पावर कॉर्पोरेशन के बीच हुए पत्राचार में स्मार्ट मीटर में आ रही समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा गया है कि इसकी वजह से पिछले दिनों पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास का घेराव किया गया। गड़बड़ियों से स्मार्ट मीटर के बारे में जनता के बीच गलत संदेश गया है। इससे कॉर्पोरेशन की छवि धूमिल हुई है। ईईएसएल जवाब दे अन्यथा स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक भी लगाई जा सकती है।
उपभोक्ता परिषद की कराई जांच में भी मिली गड़बड़ी
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने राजधानी लखनऊ के तीन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर का नंबर देकर बिल निकलवाया तो 55 से 65 किलोवाट तक भार निकला। परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक वाणिज्य एके श्रीवास्तव व मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक वाणिज्य को साक्ष्यों के साथ स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों से अवगत कराया। कॉर्पोरेशन के निदेशक वाणिज्य ने कहा, जल्द ही कंपनी को नोटिस भेजकर जरूरी कार्यवाही की जाएगी।
उच्चस्तरीय जांच की मांग, घटिया मीटर लगाने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्ट करें
उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने कहा कि लोड पैरामीटर जंप करने से यह साफ हो गया है कि स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि जब भार जंप कर रहा है तो यूनिट भी जंप कर रही हो।
ऐसे में इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और घटिया मीटर आपूर्ति करने वाली कंपनियों को ब्लैक लिस्ट किया जाए।