बलरामपुर: हिस्ट्रीशीटर अपराधी सनी पत्थरकट से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, दो पुलिसकर्मी भी घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार सुबह 15 हजार के इनामी बदमाश पर पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई जिसमें बदमाश सनी पत्थरकट को पैर में गोली लगी है जबकि सब इंस्पेक्टर उमेश वर्मा और सिपाही रणविजय सिंह घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मुठभेड़ कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हरिहरगंज के पास हुई। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कोतवाली देहात और स्वाट टीम ने अपराधी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधी ने फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिस ने भी गोलियां चलाई जिसमें वह घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सनी पत्थरकट मूल रूप से जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धुसाह गांव का रहने वाला है।
सनी पत्थरकट पर बस्ती जिले के परशुरामपुर और हरैया थाना क्षेत्र में भी चोरी, डकैती और हत्या के प्रयास सहित आठ गंभीर मामले दर्ज हैं। परशुरामपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी से हुई एक बड़ी लूट के मामले में सनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था जिसमें वारदात में शामिल उसके गैंग के तीन लोग पकड़े भी गए थे जिनके पास से लूट के साढ़े छह लाख रुपए बरामद हुए थे।
इस लूट के मामले में भी पुलिस सनी की तलाश कर रही थी। सनी पत्थरकट 2018 से वांछित चल रहा था। बस्ती जिले की पुलिस ने उस पर 15 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। उसके ऊपर हत्या के प्रयास सहित आठ गंभीर मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे पुलिस अधीक्षक
मुठभेड़ के दौरान घायल अपराधी के कब्जे से पल्सर बाइक व एक कट्टा और कारतूस बरामद किया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों से मिलने अस्पताल भी पहुंचे।
मुठभेड़ के बाद सनी को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।