राहुल की अमेठी से दो प्रक्षेपण केंद्र भी छिनेंगे, कांग्रेस बोली- हार का बदला ले रही है भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेडियो पर आकाशवाणी और टीवी पर दूरदर्शन के प्रोग्राम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की ओर से जिले को दी गई सौगात जल्द छिनने वाली है। केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाली प्रसार भारती ने जिले के दो स्थानों पर तीन दशक पूर्व से संचालित दो प्रक्षेपण केंद्रों के साथ ही प्रदेश समेत उत्तरी जोन में संचालित 272 केंद्र बंद करने का निर्णय लिया है। आदेश की कॉपी दोनों केंद्रों को मिल भी चुकी है।
अमेठी और सुल्तानपुर के लोगों को आकाशवाणी और दूरदर्शन से जोड़ने के लिए देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में तीन आकाशवाणी/दूरदर्शन प्रक्षेपण केंद्रों की सौगात दी थी। गौरीगंज के गांव सराय हृदयशाह व जगदीशपुर कस्बे के साथ सुल्तानपुर शहर के तीनों केंद्रों का भवन तैयार होने के बाद 11 मार्च 1989 को स्वयं राजीव गांधी ने इनका लोकार्पण किया था। तब से इन केंद्रों पर लगी मशीनों की वजह से क्षेत्र के लोग आकाशवाणी और दूरदर्शन का लुत्फ उठा रहे थे।
अब केंद्र सरकार की संस्था प्रसार भारती ने इन तीनों केंद्रों के साथ नार्थ जोन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में संचालित 272 केंद्रों को निष्प्रयोज्य घोषित करते हुए इन्हें बंद करने का आदेश दिया है। प्रसार भारती के अपर महानिदेशक (अभि.) उत्तर क्षेत्र वी. केरकेता की ओर से जारी आदेश सभी केंद्रों को मिल भी चुका है।
12 मार्च से लागू होगा आदेश
गौरीगंज के सराय हृदयशाह स्थित दूरदर्शन प्रक्षेपण केंद्र के टेक्नीशियन संजय श्रीवास्तव ने आदेश मिलने की पुष्टि की। कहा कि पहले इन केंद्रों को 12 फरवरी से बंद होना था, जिसे अब 12 मार्च कर दिया गया है। पत्र में केंद्रों पर कार्यरत कर्मचारियों को दूरदर्शन के रिले केंद्रों पर समायोजित करने की बात कही गई है।
ग्रामीणों ने किया विरोध
सराय हृदयशाह के पंकज की मानें तो दूरदर्शन के इन प्रक्षेपण केंद्रों के जरिए 20 से 25 किलोमीटर दूर तक के गांवों में लोग आकाशवाणी और दूरदर्शन के कार्यक्रम का सुविधापूर्ण आनंद ले पाते थे। डिश टीवी या डीटीएच का चलन बढ़ने के बावजूद हजारों परिवार ऐसे हैं जो पुराने एंटीना से दूरदर्शन के कार्यक्रम देखने के साथ रेडियो पर आकाशवाणी के कार्यक्रम सुनते हैं। भाजपा सरकार के इस निर्णय से ग्रामीणों को परेशानी होगी।
अमेठी से साजिश : जिलाध्यक्ष कांग्रेस
भाजपा खासतौर पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का काम अमेठी में संचालित योजनाओं को एक-एक कर बंद करना है। स्मृति अमेठी से अपनी हार का बदला ले रही हैं। कांग्रेस की सरकार आने पर बंद की जा रही सभी योजनाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। इसके पहले अमेठी में बनने वाला फूडपार्क की योजना को भी रद्द कर दिया गया था।