अयोध्या में मनेगी वैसी ही दिवाली जैसी रामजी के आने पर मनी थी, सजेगी पूरी नगरी
भगवान राम की नगरी अयोध्या में इस बार वैसी ही दिवाली मनाई जाएगी जब रावण का वध करके रामजी के लंका से अयोध्या आने पहुंचने पर मनाई गई थी। पूरी नगरी उसी तरह से सजाई और संवारी जाएगी। लाखों दीपों से राम की अगवानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ उसी तरह भगवान राम का राजतिलक करके उनके राज संभालने की सूचना देंगे जैसे आज से हजारों वर्ष पहले गुरु वशिष्ठ ने उनके राजा बनने की उद्घोषणा की थी। इस अवसर पर पूरी योगी सरकार राम के दरबार में होगी।
इस दौरान मंदिरों की साफ-सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्थाएं तो होंगी ही, सरयू नदी में भव्य दीपदान करके इस आयोजन को और भव्यता दी जाएगी। जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार की कोशिश है कि हर घर से कम से कम 4 दीप निकलें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री लगभग 133 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का प्रारंभ भी करेंगे। अयोध्या के संतों व अफसरों का कहना है कि इस आयोजन को इतना भव्य बनाया जाएगा कि यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो जाए।
आयोजन 18 अक्तूबर को, कन्यापूजन भी करेंगे सीएम
यह आयोजन दिवाली की पूर्व संध्या पर 18 अक्तूबर को होगा। इस दौरान सीएम योगी 4 घंटे तक अयोध्या में रहेंगे। वे 108 कन्याओं का पूजन करेंगे। सरयू में 1 लाख 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर राम की अगवानी की जाएगी।
मन्दिरों के साथ रास्तों को भी बिजली की झालरों से सजाने की विशेष तैयारी है। राम बरात पर फूलों से वर्षा की भी व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी तीसरी बार अयोध्या जा रहे हैं।