डिजिटल एक्स-रे तेजी से करेगा पेशेंट्स की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए साल से राजधानी के बलरामपुर, सिविल, लोहिया और डफरिन अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे रिपोर्ट मिलेगी। बलरामपुर अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने के लिए कक्ष के निर्माण की तैयारी चल रही है।
इसी तरह सिविल, लोहिया और डफरिन अस्पताल में भी डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने के लिए कागजी कार्रवाई तेजी से चल रही है। बलरामपुर अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में स्पेनिश कंपनी की डिजिटल एक्स-रे मशीन लगेगी।
एक्स-रे इमेज कैपचरिंग के लिए मशीन में कैनन कंपनी का हाई रिजॉल्यूशन कैमरा लगा होगा, जिससे जांच रिपोर्ट स्पष्ट आएगी। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. यूएन राय का कहना है कि डिजिटल एक्स-रे मशीन के लिए कमरा तैयार करवाया जा रहा है। पूरी कोशिश है कि नए साल से मरीजों को डिजिटल एक्स-रे रिपोर्ट दी जाए।
150 की जगह 200 मरीजों की जांच
अस्पताल में पुरानी मशीन से आठ से दो बजे तक करीब डेढ़ सौ मरीजों की जांच हो पाती है। बलरामपुर अस्पताल के एक्स-रे टेक्नीशियन वीके राय बताते हैं कि डिजिटल मशीन लगने के बाद इतने समय में 200 मरीजों की जांच संभव हो सकती है।
जांच रिपोर्ट को मरीज पेन ड्राइव या ईमेल पर भी ले सकता है। डिजिटल जांच रिपोर्ट को मरीज कभी भी किसी विशेषज्ञ को ऑनलाइन भेज सकता है। साथ ही नई मशीन से कम रेडिएशन निकलेगा।
डिजिटल एक्स-रे मशीन लगने के बाद गुर्दा रोगियों को इंट्रा वीनस पाइलोग्राफी (आईवीपी) जांच के लिए निजी पैथोलॉजी का चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गुर्दा रोग विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल एक्स-रे मशीन से होने वाले आईवीपी जांच स्पष्ट होती है।
बलरामपुर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को अब बाहर से जांच के लिए मोटी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी। मालूम हो कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को डिजिटल एक्स-रे जांच के लिए निजी पैथोलॉजी का रास्ता दिखा देते हैं, जिसके लिए उनको 750 से 1000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।