रायबरेली : उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश ने कहा, प्रमोशन या परीक्षा, जल्द तय करेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा रायबरेली के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। हम सब मिलकर कोरोना को हराएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को प्रमोशन देना है या परीक्षा करानी है, इसके संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री निर्णय लेंगे। सभी जिलों से परीक्षार्थियों को पूरा डाटा तलब किया गया है। हालांकि परीक्षा कराने की नौबत आती है तो सरकार पूरी तरह से कोरोना सुरक्षा के बीच परीक्षा कराने को तैयार है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन क्लास शुरू कराई गई है। सभी बोर्ड के विद्यालय फीस नहीं बढ़ाएंगे। पिछले साल की तरह की फीस ली जाएगी। भौतिक परीक्षा होने पर ही स्कूल परीक्षा शुल्क लेंगे।
सोमवार को बचत भवन में पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि वे कोरोना संक्रमित हो गए थे, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी डीएम व अन्य अधिकारियों से जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के संबंध में रिपोर्ट लेते रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रतिशत में काफी गिरावट आ गई है। रिकवरी दर 94 प्रतिशत से अधिक हो गई है। पिछले साल दो मार्च को प्रदेश में जब कोरोना का पहला केस मिला था, उस समय प्रदेश में जांच की सुविधा नहीं थी, लेकिन अब अकेले रायबरेली में पांच हजार से अधिक लोगों की जांच कराई जा रही है। कोरोना मरीजों को भर्ती कराने के लिए प्रदेश में लाखों बेडों की व्यवस्था कराई गई है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि रायबरेली में एल-2 और एल-3 अस्पतालों में मरीजों को भर्ती कराने के लिए 398 बेडों की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के सभी जिलों में वेंटीलेटर की सुविधा मुहैया कराई गई है। जिले में 34 वेंटिलेटर काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ती को बेडों और वेंटीलेटरों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब ऑक्सीजन की कमी नहीं है। प्रदेश में 485 ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 258 प्लांटों का काम शुरू कराने का काम चल रहा है। इसमें 32 प्लांटों में ऑक्सीजन उत्पादन शुरू हो गया है।
20 जून तक हर जिले में बच्चों के लिए 20-20 बेड होंगे आरक्षित
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर से तो निपटा जा चुका है। अब तीसरी लहर को लेकर भी तैयारियों को पुख्ता किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में बच्चों के लिए 20-20 आरक्षित कराए जा रहे हैं। यह काम आगामी 20 जून तक हरहाल में पूरा कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा हर जिले में बच्चों को भर्ती करने के लिए पीडियाट्रिक आईसीयू भी संचालित कराया जा रहा है।
शिक्षकों व स्टाफ और छात्रों के पंजीयन के आदेश दिए गए
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 45 से अधिक उम्र के लोगों में टीकाकरण हो रहा है। 23 जिलों में 8.52 लाख 18 की उम्र से अधिक युवाओं में भी टीका लग चुका है। सरकार सभी लोगों में मुफ्त टीका लगवाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी कॉलेजों के संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्कूलों के शिक्षकों, स्टाफ और 18 वर्ष से अधिक उम्र के छात्र-छात्राओं का पंजीयन करवा लें, जिससे जल्द ही उनमें टीकाकरण का काम शुरू कराया जा सके।