{"_id":"64238cca61e7ad549b0e4a63","slug":"delhi-bharat-gaurav-tourist-train-will-run-from-amritsar-on-april-9-vande-bharat-will-run-between-new-delhi-2023-03-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi : भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 9 अप्रैल को अमृतसर से चलेगी, नई दिल्ली-रानी कमलापति के बीच दौड़ेगी वंदेभारत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi : भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 9 अप्रैल को अमृतसर से चलेगी, नई दिल्ली-रानी कमलापति के बीच दौड़ेगी वंदेभारत
Wed, 29 Mar 2023 06:28 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 29 Mar 2023 06:28 AM IST
सार
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेल सिख धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘गुरु किरपा यात्रा’भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगी। दूसरी ओर मध्यप्रदेश और दिल्ली के बीच रेलवे ने वंदेभारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
विज्ञापन
वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन...
- फोटो : amar ujala
विस्तार
अमृतसर से हुजूर साहिब नांदेड़, बीदर और पटना साहिब की यात्रा के लिए रेलवे पर्यटक ट्रेन चलाएगी। यह ट्रेन सिखों के धार्मिक स्थलों का दर्शन कराएगी। 9 अप्रैल को अमृतसर रेलवे स्टेशन से 7 दिन के टूर पर रवाना होगी। अमृतसर, ब्यास, जालंधर कैंट, लुधियाना, न्यू मोरिंडा जंक्शन, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र और दिल्ली सफदरजंग स्टेशन से भी यात्री सवार हो सकेंगें।
विज्ञापन
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेल सिख धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘गुरु किरपा यात्रा’भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगी। यह ट्रेन 7 दिन की यात्रा पर 9 अप्रैल को अमृतसर स्टेशन से रवाना होगी। यात्रा के दौरान पर्यटक करीब 5100 किलोमीटर का सफर करेंगे। आधुनिक किचन कार से यात्रियों को उनकी बर्थ पर ही शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। प्रति व्यक्ति स्लीपर श्रेणी का किराया 14,100, एसी तृतीय श्रेणी में यात्रा करने के लिए 24,200 रुपये व एसी द्वितीय श्रेणी से यात्रा करने के लिए 32,300 रुपये यात्रियों को खर्च करने होंगे।
विज्ञापन
नई दिल्ली-रानी कमलापति के बीच चलेगी वंदेभारत
मध्यप्रदेश और दिल्ली के बीच रेलवे ने वंदेभारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन कमलापति से नई दिल्ली के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अप्रैल को हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना करेंगे। सेकेंड जेनरेशन की यह ट्रेन कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन दोपहर 2:45 बजे चलेगी और रात 10:45 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन आगरा कैंट शाम 4:45 बजे पहुंचेगी।
विज्ञापन
ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से सुबह 5:55 बजे चलेगी और 11:40 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद दोपहर 1:45 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे की तरफ से यह 10वीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन होगी। यह ट्रेन 709 किमी की दूरी 7 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। ट्रेन पलवल-आगरा सेक्शन पर 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी तो आगरा-ललितपुर सेक्शन में रफ्तार धीमी होगी।
इस सेक्शन में 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाने की योजना तैयार की गई है। ललितपुर-बीना सेक्शन पर रफ्तार और घटेगी। तय गति सीमा के अनुसार यह ट्रेन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलेगी।