डिफेंस एक्सपो-2020 रक्षा क्षेत्र के निवेशकों का महाकुंभ साबित हुआ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समापन समारोह में कहा कि डिफेंस एक्सपो-2020 रक्षा क्षेत्र के निवेशकों का महाकुंभ साबित हुआ है। इसने डिफेंस कॉरिडोर के लिए मजबूत आधार उपलब्ध कराया है। यूपी रक्षा उत्पादन के नए हब के रूप में विकसित होगा। प्रदेश की क्षमता पर किसी को प्रश्न नहीं खड़ा करना चाहिए। यूपी को अब कोई हल्के में नहीं ले सकता। लगातार इतिहास रचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने तय किया था कि यह कार्य ऐसा होना चाहिए जो सफलता की ऊंचाइयों को प्रदेश की क्षमता के अनुरूप छुए। यानी जनसंख्या की दृष्टि से राज्य बड़ा है तो निवेश भी बड़ा होना चाहिए। डिफेंस एक्सपो को उसी रूप में प्रस्तुत करने में सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डिफेंस एक्सपो-2020 में पहली बार 40 देशों के रक्षामंत्री, 70 देशों की सहभागिता, 3000 से अधिक विदेशी व देश के विभिन्न हिस्सों से 1000 से अधिक डेलीगेट्स आए। रविवार तक 12 लाख से अधिक लोग यहां भारत के शौर्य, पराक्रम और गौरव को देख और महसूस कर चुके होंगे। यह हमेशा स्वर्णिम याद बनकर रहेगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि डिफेंस एक्सपो से प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर के लिए मजबूत आधार उपलब्ध हुआ है।
योगी शनिवार को डिफेंस एक्सपो के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में अनेक आयोजन के मौके मिले। 2018 की इन्वेस्टर्स समिट से पहले लोगों में धारणा थी कि यहां निवेश कौन करेगा? लेकिन, समिट में करीब 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। ढाई लाख करोड़ के प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जा चुका है। सरकार ने प्रयागराज कुंभ सफलतापूर्वक आयोजित कराया। इसमें 24.56 करोड़ लोग आए। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में 7500 से अधिक प्रवासी शामिल हुए। पिछले महीने लखनऊ में नेशनल यूथ फेस्टिवल में देश भर से 7000 से अधिक युवा आए। 16-17 जनवरी को प्रदेश में कॉमन वेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन का सम्मेलन हुआ। फिर मां गंगा को आस्था और अर्थव्यवस्था से जोड़कर गंगा यात्रा निकाली। अब उनकी टीम ने रक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर इस आयोजन को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
पुलिस कमिश्नर सिस्टम के बाद पहला आयोजन, टीम वर्क का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में कमिश्नरी सिस्टम लागू किए जाने के बाद यह पहला बड़ा आयोजन था। लखनऊ के पुलिस कमिश्नर, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने टीम भावना के साथ काम किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में लखनऊ निवेश के सर्वोत्कृष्ट गंतव्य के रूप में सामने आएगा।
रक्षामंत्री ने कहा- रक्षा उत्पादन के लिहाज से ‘ब्रेकथ्रू’ रहा आयोजन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि राजधानी में आयोजित डिफेंस एक्सपो-2020 भविष्य के भारत का शंखनाद रहा। एक्सपो ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि नया भारत रक्षा के क्षेत्र में सशक्त, समृद्ध और समर्थ ही नहीं हुआ है, बल्कि विश्व की शक्तियों से कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने को पूरी तरह से तैयार है। वह दिन दूर नहीं जब हमारा देश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में विश्व का बड़ा केंद्र बनेगा।
राजनाथ डिफेंस एक्सपो-2020 के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का कद बढ़ा है और इसने दुनिया में गहरी छाप छोड़ी है। यह एक्सपो भारतीय रक्षा उत्पादन की दृष्टि से एक ‘ब्रेकथ्रू’ साबित हुआ है। इसने जनता की भागीदारी, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के हर रिकाॅर्ड को तोड़ दिया है। यह हमारी दूरदर्शी व प्रगतिशील नीति व सोच की वजह से संभव हुआ है।
अहम फैसलों के लिए याद किया जाएगा डिफेंस एक्सपो
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डिफेंस एक्सपो 2020 को ‘लखनऊ डिक्लरेशन’ के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा। इस एक्सपो में पहली बार भारत-अफ्रीका के रक्षा मंत्रियों के कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ। इसमें 40 देशों के रक्षा मंत्रियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कई देशों के रक्षा मंत्रियों से वार्ता हुई।
शनिवार को डिफेंस एक्सपो 2020 के औपचारिक समापन समारोह में राजनाथ ने कहा कि इन देशों से हमारे संबंधों के महत्व को देखते हुए कई निर्णय हुए जो लखनऊ डिक्लरेशन के नाम से याद किया जाएगा। इसमें आतंकवाद से बढ़ते खतरों से निपटने के लिए समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान, खुफिया सूचनाओं की साझेदारी और आपसी हितों को संरक्षण देने जैसे कदम उठाए जाएंगे। एक तरह से यह एक्सपो दुनिया के विभिन्न देशों के साथ हमारे रक्षा समन्वय को बढ़ाने और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा का फोरम साबित हुआ।
राजनाथ ने डिफेंस एक्सपो को अभूतपूर्व तरीके से सफल बताते हुए कहा कि इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके मंत्रिमंडल व अधिकारियों की टीम को जाता है। कुंभ रहा हो या प्रवासी दिवस, नेशनल यूथ फेस्टिवल रहा हो या डिफेंस एक्सपो, यूपी ने जो भी आयोजन किया, सिद्ध किया कि उसमें अपने नाम के अनुरूप असीमित क्षमता (यू फॉर अनलिमिटेड व पी फॉर पोटेंशियल) है। रक्षामंत्री ने लखनऊ के प्रशासन, एचएएल व वॉलंटियर के रूप में काम करने वाले तकनीकी कॉलेजों के विद्यार्थियों के प्रयासों को मुक्तकंठ से सराहा।
लखनऊ को मिली वैश्विक पहचान
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस आयोजन से लखनऊ को वैश्विक पहचान मिली है। दुनिया के 70 से अधिक देश के लोगों को लखनऊ के बारे में जानने को मिला। आज लखनऊ की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। लखनऊ का सांसद होने की वजह से उन्हें इससे बड़ी खुशी है। यह सफलता डिफेंस के प्रति समस्त देशवासियों की आशाओं व आकांक्षाओं का प्रतीक है।