दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में डकैती, आरपीएफ पर चलाई गोलियां
दिल्ली से गोरखपुर जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सोमवार देर रात चढ़े बदमाशों ने गोविंदपुरी स्टेशन के आउटर पर डकैती डाल दी। एस-2 में चढ़ते ही छह-सात बदमाशों ने लूटपाट शुरू की तो शोर मचने से पहुंचे आरपीएफ के दो सिपाहियों ने उनसे मोर्चा लिया।
बदमाशों ने तीन गोलियां जवानों पर चलाईं तो उन्होंने भी चार राउंड फायर किए। सिपाहियों के हावी होने पर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। आरपीएफ के सिपाहियों ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज कराई है। वहीं लखनऊ जीआरपी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
सोमवार देर रात 3:20 बजे गोरखधाम एक्सप्रेस आउटर पर रुकी। यहां पर असलहाधारी छह से सात बदमाश ट्रेन के एस-2 कोच में चढ़ गए और तमंचे के बल पर यात्रियों को मार पिटाई और लूटपाट शुरू कर दी।
अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले बदमाश
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आरपीएफ सिपाही मुरलीधर शर्मा और राजीवकांत ने मोर्चा लिया तो बदमाशों ने उनपर तीन राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में सिपाहियों ने भी चार राउंड फायरिंग की लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
बदमाश तबतक पांच-छह यात्रियों को लूट चुके थे। आरोप है कि गोविंदपुरी में जीआरपी दरोगा ने पीड़ितों की शिकायतें नहीं सुनी।
जीआरपी सीओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि आरपीएफ के सिपाहियों ने फायरिंग कर जानलेवा हमले की रिपोर्ट जीआरपी थाने में दर्ज कराई है। जांच के लिए टीम गठित की गई है। रात में एसपी रेलवे कवींद्र प्रताप ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है।