सिपाही भर्ती में और अभ्यर्थियों को मौका देगा पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड, कटऑफ मार्क्स सूची जारी
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस व पीएसी में सिपाही पद के लिए सीधी भर्ती प्रक्रिया 2018 में दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए और अभ्यर्थियों को बुलाने का फैसला किया है। इसके मद्देनजर बोर्ड ने कटऑफ मार्क्स की सूची जारी कर दी है।
बोर्ड के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने बताया कि कुल 41,520 पदों के लिए लिखित परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों में से रिक्तियों के मुकाबले डेढ़ गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है जिसके मद्देनजर अतिरिक्त अभ्यर्थियों को बुलाया जा रहा है। इसमें सभी श्रेणियों की कटऑफ पर समान अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाए जाने वाले अतिरिक्त अभ्यर्थियों के श्रेणीवार कटऑफ मार्क्स जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत लंबवत व क्षैतिज आरक्षण श्रेणी के कटऑफ मार्क्स तय किए गए हैं।
यहां देखें, तय कटऑफ मार्क्स
लंबवत आरक्षण में
अनारक्षित--215.58625
अन्य पिछड़ा वर्ग--204.74484
अनुसूचित जाति--172.94459
अनुसूचित जनजाति--135.107
क्षैतिज आरक्षण में
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित--60 (अपरिवर्तित)
भूतपूर्व सैनिक--60
महिला (केवल आरक्षी नागरिक पुलिस के लिए)--181.53222
होमगार्ड्स--60 (अपरिवर्तित)
दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण 26 से
बोर्ड के अफसरों ने बताया कि दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण शुरू होने की संभावित तारीख 26 दिसंबर है। अर्ह अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 20 दिसंबर से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे।