बच्चों के 'चटनी गैंग' ने शादी से लूटे लाखों!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के कृष्णानगर के अवस्थी लॉन में आलमबाग के प्रतिष्ठित पवन कुमार केसरवानी की बेटी के शादी समारोह से बच्चों के एक 'चटनी गैंग' ने लाखों रुपये के जेवर-नकदी से भरा बैग उड़ा लिया।
सोमवार सुबह केसरवानी कृष्णानगर कोतवाली पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बैग उड़ाने वाले बच्चों की फोटो पुलिस को दी है। अभी तक पुलिस को इन बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा है।
भूपनारायन पवन कुमार ज्वैलर्स के मालिक पवन कुमार केसरवानी ने बताया कि शुक्रवार को अवस्थी लॉन में बड़ी बेटी पल्लवी की शादी का समारोह था। इस शादी में सांसद लालजी टंडन, कांग्रेस नेता रीता बहुगुणा जोशी, सपा विधायक शारदा प्रताप शुक्ला सहित राजधानी के कई प्रतिष्ठित लोग समारोह में मौजूद थे।
इसी दौरान कुछ बच्चे मेहमानों के बीच घूमने लगे। केसरवानी का कहना है कि छह से बारह साल के लड़के-लड़कियों को इधर-उधर घूमते देख किसी ने ध्यान नहीं दिया। एक बार तो एक लड़की ने भीड़ में घुसकर उनका बैग खींचने की कोशिश की लेकिन उसे डांटकर भगा दिया।
छोटी बेटी के हाथ में था शगुन का बैग
केसरवानी का कहना है कि शगुन के लिफाफे और ज्वैलरी के तोहफे वह एक बैग में रखते जा रहे थे। यह बैग उन्होंने छोटी बेटी गुंजन को पकड़ा दिया था।
कुछ देर बाद अचानक गुंजन की साड़ी पर किसी ने दही-बड़े की चटनी गिरा दी। वह साड़ी साफ करने लगी, तभी उसके कंधे पर लटका बैग गायब हो गया। गुंजन का ध्यान गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सोमवार को कृष्णानगर कोतवाली पहुंचे केसरवानी ने बताया कि बैग में करीब 250 शगुन के लिफाफे और तोहफे में मिली अंगूठियां, कंगन, झुमकियां आदि ज्वैलरी रखी थी।
उन्होंने कहा कि करीब आठ लाख रुपये का सामान बैग में था। उन्होंने बताया कि फोटो में कुछ बच्चों की तस्वीरें आई हैं जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।
इंस्पेक्टर विकास पांडे का कहना है कि शादी-समारोह में बच्चों से चोरी कराने वाला एक गैंग सक्रिय है। यह वारदात उसी गैंग की हो सकती है। फोटो के जरिए बच्चों की पहचान कर गैंग तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पहले भी कुछ शादी समारोह में इस तरह के मामले सामने आए हैं। अब इस हाईप्रोफाइल शादी में हुई लूट के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है।