ठगे गए एसपी साहब, 15 लाख का फटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मलाईदार तैनाती की चाहत रखने वाले आईपीएस अफसर को ठगों ने 15 लाख रुपये का चूना लगा दिया। मनमुताबिक तैनाती के लिए कोशिश कर रहे इस अफसर के साथ ठग ने 25 लाख रुपये की डील की थी।
वादा पूरा न कर पाने पर पुलिस अफसर ने उससे रकम मांगी तो ठग उन्हें रुतबा दिखाकर टालमटोल करने लगा। एक जिले का पुलिस कप्तान बनने पर अफसर ने अपने करीबी पुलिसकर्मियों की मदद से ठग पर दबाव बनाया है।
हजरतगंज कोतवाली की एक टीम ठग की तलाश में है। सूत्र बताते हैं कि कुछ महीने पहले अफसर की मुलाकात एक कद्दावर नेता के बंगले में बेधड़क आने-जाने वाले व्यक्ति से हुई।
ब्रांडेड कपड़े, जूते, गले में सोने की मोटी चेन व महंगे मोबाइल लेकर कार से उतरने वाले व्यक्ति को नेता के आवास के अनेक कर्मचारियों को सलाम करते देख अफसर भी उसे नेता का बेहद करीबी समझ बैठे।
मौका निकालकर अपनी परेशानी बयां की। उसने परेशान आईपीएस अफसर को अपने घर का पता देकर पहुंचने को कहा।
...और फंस गए अफसर
कद्दावर नेताओं के साथ अपने फोटो दिखाए। मनचाहे जिले में तैनाती दिलवाने के लिए 25 लाख रुपये में सौदा कर डाला।
अफसर ने आनन-फानन में 15 लाख रुपये एडवांस दे दिए। कुछ दिन इंतजार के बाद उन्हें एक जिले का पुलिस कप्तान बना दिया गया।
लेकिन पश्चिमी यूपी के रूखे-सूखे जिले में तैनाती पर अफसर ने उलाहना देने के साथ रकम लौटाने को कहा तो ठग ने टालमटोल शुरू कर दी।
हजरतगंज पुलिस ने लगाई टीम
ठगी का शिकार बने अफसर ने नेता के यहां तैनात कर्मचारियों से तहकीकात की। पता चला कि बंगले पर अक्सर आने वाला व्यक्ति सलामी पर नजराना व उपहार देता है।
इसके चलते सभी लोग उसकी आवभगत करते हैं। इस जानकारी पर आईपीएस अफसर ने हजरतगंज कोतवाली में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को अपने साथ हुई ठगी की जानकारी देकर रकम वापस दिलाने को कहा। दरोगा ने टीम लगाई है।