VIDEO: पूर्व मंत्री को बेरहमी से पीटा, बना दिया मुर्गा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल कोर्ट में शुक्रवार दोपहर पेशी पर आए पूर्व सांसद व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल को वकीलों ने लात-घूसों जमकर पीटा और कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं अर्द्धनग्न हालत में वकील उन्हें घसीटते हुए सड़क पर ले गए और वहां मुर्गा बनाया।
किसी तरह वकीलों की शिकंजे से छूटकर बाइक सवार एक परिचित की मदद से घर पहुंचे। सूचना पर पुलिस अफसर कंछल के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद कंछल का बलरामपुर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। कंछल ने वजीरगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई।
उधर, कंछल पर हमले से गुस्साए व्यापारियों ने रकाबगंज व आसपास के बाजार को बंद कर चौराहा पर जाम लगा दिया। अफसरों ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
कंछल 31 अगस्त 1987 को अमीनाबाद थाने में दर्ज एक मुकदमे में पेशी पर सिविल कोर्ट पहुंचे थे। उनके साथ वकील पीएस मेहरा, सहयोगी आरके मिश्रा व व्यापार मंडल के ऑफिस का कर्मचारी देवेंद्र मिश्रा था। बहुखंडी की तीसरी मंजिल पर स्थित जेएम तृतीय अपूर्व कुमार की कोर्ट में पेशी के बाद अगली तारीख लेकर कंछल करीब साढ़े बारह बजे जैसे ही बाहर निकले।
गेट तक पीटते और घसीटते ले गए
वहां सीढ़ियों के पास मौजूद 30-35 वकीलों ने उन्हें घेर लिया। कंछल ने बताया कि एक वकील ने उन्हें देखते ही चिल्लाया, ‘मारो इसे। शिवाजी मार्केट में जब हम लोग कब्जा करने गए थे तो इसने ही सारा खेल बिगाड़ा था।’
इसके बाद वकीलों ने कंछल की लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद वकील उन्हें बलरामपुर गेट तक घसीटते और पीटते हुए ले गए। इस बीच वकीलों ने कंछल की कोटी व कुर्ता-पायजामा फाड़ दिया और बीच सड़क पर मुर्गा बना दिया। कंछल का आरोप है कि वकील उनकी सोने की चेन, अंगूठी व मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। कंछल अर्द्धनग्न हालत में जब अपनी कार की तरफ जाने लगे।
उसी दौरान उनका कोई परिचित बाइक सवार वहां आ गया। कंछल की हालत देखकर उन्हें बाइक पर बैठाकर वह सीधा शास्त्रीनगर बाजार खाला स्थित आवास पर ले गया।
सूचना पाकर एएसपी पश्चिम अजय मिश्रा, सीओ कैसरबाग डॉ. ह्रदेश कठेरिया, वजीरगंज एसओ अभिनव सिंह पुंडीर उनके घर पहुंचे और पूछताछ की। कंछल को बलरामपुर अस्पताल लाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
आंख में गंभीर चोट, नीला पड़ा शरीर
वकीलों की पिटाई से कंछल की बायीं आंख में गंभीर चोट लगी है और लगभग पूरा शरीर नीला पड़ा गया है। चेहरे, पीठ, पेट और हाथ-पैरों में भी चोटें आईं। मुंह में चोट लगने से काफी खून निकल रहा था। बलरामपुर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान दर्द से राहत दिलाने के लिए उन्हें इंजेक्शन लगाए।
डकैती में आठ वकील नामजद
वजीरगंज एसओ अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि कंछल ने वकीलों के खिलाफ डकैती, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी व की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
उन्होंने अजय यादव, अशोक सिंह तोमर, जनार्दन बाजपेयी, शशिकांत बाजपेयी, शरद कुमार चौधरी, मनोज सिंह बाबा, धनराज बाजपेयी, शक्ति गुप्ता को नामजद करने के साथ ही 20-25 अज्ञात वकीलों पर आरोप लगाया है।
देखिए, किस बेरहमी से पिटे पूर्व सांसद
यह था मामला
लाटूश रोड के शिवाजी मार्ग पर अमित अग्रवाल की दुकान पर कब्जे को लेकर पिछले महीने 17 नवंबर को व्यापारी व वकीलों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी। अमित ने वकील धनराज बाजपेयी, शशिकांत बाजपेयी, शक्ति गुप्ता व बंसल ट्रेडर्स के नाम से हार्डवेयर का काम करने वाले सुरेंद्र चंद्र बंसल उर्फ झुनझुनवाला पर दुकान कब्जाने का आरोप लगाया था।
अमित ने लूटपाट, मारपीट, तोड़फोड़ सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट लिखाई थी जबकि धनराज बाजपेयी ने व्यापारियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और बलवा के आरोप में मुकदमा लिखाया था। कंछल का कहना है कि उन पर हमला करने वाले वकील वहीं हैं जिनसे लाटूश रोड पर विवाद हुआ था।
कंछल की पिटाई के विरोध में आज लखनऊ बंद
व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल की पिटाई के विरोध में यहियागंज सहित आसपास की बाजारों के व्यापारी रकाबगंज चौराहे की सड़क पर उतर आए। व्यापारियों ने पिटाई करने वाले वकीलों पर केस दर्ज करने एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर दो घंटे तक सड़क जाम करके प्रदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक के वकीलों पर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद व्यापारी सड़क से हटे। व्यापारियों ने कंछल की पिटाई के विरोध में शनिवार को लखनऊ बंद का आह्वान किया है। इससे दवा की दुकानों से पेट्रोल पंपों और किराना की दुकानों से लेकर सराफा मंडी में भी तालाबंदी रहेगी।
लखनऊ व्यापार मंडल के तत्वावधान में शाम करीब चार बजे रकाबगंज, अहियागंज, पांडेयगंज, अमीनाबाद, मौलवीगंज के काफी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतरकर रकाबगंज चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी वकीलों पर केस दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। पुराने शहर का आवागमन बाधित होते ही पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे प्रदर्शनकारियों को समझाने का सिलसिला शुरू किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीशचंद्र अग्रवाल एवं वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ मिश्र ने संयुक्त रूप से बताया कि वकीलों पर केस दर्ज होने के बाद शाम छह बजे सड़क जाम खत्म हुआ। अब वकीलों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को लखनऊ बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि व्यापारी जुलूस के रूप में बाजारों से हजरतगंज स्थित जीपीओ पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।