अयोध्या: अवैध शराब से हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी समेत 8 गिरफ्तार, पूर्व प्रधान ने दी थी दावत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अयोध्या जिले के गोसाईगंज के त्रिलोकपुर दफ्फरपुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो लोग के मौत मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा, गांव के कोटेदार समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में अपमिश्रित शराब दिलाने के लिए मध्यस्थता करने वाले स्थानीय नेता मो. वैश अंसारी भी शामिल है।
पुलिस ने इनके पास से 79 शीशी अपमिश्रित शराब भी बरामद करने का दावा किया है। वहीं, पुलिस ने शराब कहां से आई, अभी इसका खुलासा नहीं किया है, अधिकारियों का कहना है कि पुलिस उनके करीब है, जल्द ही वह भी पकड़े जाएंगे।
एसएसपी शैलेष पांडेय ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि होली के दिन शाम को त्रिलोकपुर गांव के निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा ने मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए घर पर दावत दी थी। इसमें गांव के करीब 100 लोग शामिल हुए थे। इस दावत में शौकीनों के लिए शराब व मछली का भी इंतजाम किया गया था। वहीं, जहरीली शराब पीने से पहले पहले निवर्तमान प्रधान के रिश्तेदार वीरेंद्र वर्मा की तबियत खराब हुई, जिसकी 30 मार्च को इलाज के दौरान मौत हो गई। आनन फानन में उसका अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
वहीं, 1 मार्च को एक और पीड़ित धर्मेंद्र वर्मा की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई, इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही आईजी डा. संजीव गुप्ता, डीएम अनुज झा, वह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि गांव त्रिलोकपुर व बेरा के करीब आधा दर्जन लोग जहरीली शराब पीने से बीमार है, जो अलग-अलग जगह अस्पतालों में भर्ती हैं।
निवर्तमान प्रधान के खिलाफ दर्ज किया गया केस
मृतक धर्मेंद्र के पिता मोतीलाल वर्मा ने मामले की तहरीर पुलिस को दी, जिसके बाद निवर्तमान प्रधान के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बताया कि घटना के बाद निवर्तमान प्रधान अपने परिजनों के साथ गांव छोड़कर फरार हो गया था। बताया कि घटना की जांच के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई थानों की पुलिस टीम को लगाया गया था।
जांच के बाद जहरीली शराब पिलाने के आरोप में निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा, गांव का कोटेदार हृदयराम तिवारी, उसका भाई संजय तिवारी दोनों निवासी गांव बेरा, राजू वर्मा, राकेश वर्मा, बच्चाराम, दीपक निवासी त्रिलोकपुर व मो. वैश अंसारी निवासी कटरा गोसाईगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से 79 शीशी अपमिश्रित शराब व एक कार भी बरामद हुई।
सौ लोगों की थी दावत, 15 पेटी शराब मंगवाई थी
एसएसपी के अनुसार निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा त्रिलोकपुर से जबकि गांव का कोटेदार हृदयराम तिवारी गांव बेरा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इन दोनों ने मिलकर त्रिलोकपुर में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए होली के नाम पर शराब व मछली की दावत दी जबकि गांव बेरा में भी लोगों के घर में शराब पहुंचाई गई।
प्रधान के घर हुई पार्टी में करीब 100 लोग शामिल हुए थे। इसके लिए दोनों ने मिलकर 15 पेटी अपमिश्रित शराब 28 मार्च को ही मंगवा ली थी। जबकि पार्टी के दौरान शराब बांटने वाले वालों में संजय तिवारी, राजू वर्मा, राकेश वर्मा, बच्चाराम, दीपक शामिल थे।
यही नहीं, शराब पीने के बाद जब लोगों की तबियत खराब होने लगी तो इन सभी आरोपियों ने मिलकर शेष बची शराब की शीशियों को पूरी तरह जलाकर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया।