चल रहा था टीवी और फैन, बेड पर थी उसकी लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठाकुरगंज में घर पर अकेली युवती सुष्मिता फ्रांसिस की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
मंगलवार दोपहर शव बेडरूम में पलंग पर पड़ा पाया गया। शरीर नीला पड़ा चुका था और नाक व मुंह से खून निकल रहा था। सुष्मिता के माता-पिता धार्मिक कार्य के चलते करीब एक महीने से दिल्ली में थे।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। घर के दरवाजे भीतर से बंद होने के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौके से सुसाइड नोट और जहरीला पदार्थ नहीं मिला है।
शहर से बाहर थे मां-बाप, रोज होती थी बात
हरिनगर निवासी सुष्मिता ने बीते वर्ष आईटी कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
बीती 12 मई को पिता वेलफ्रेड फ्रांसिस और मां जोंस फ्रांसिस धार्मिक कार्य के सिलसिले में दिल्ली गए थे। एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर ने बताया कि जोंस रोज सुबह और रात में 10 से 11 बजे के बीच सुष्मिता को फोन कर हालचाल लेती थीं।
सोमवार सुबह भी बेटी से बात हुई। हालांकि रात में फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं हुई। मंगलवार सुबह भी कॉल रिसीव न होने पर उन्होंने बड़ी बेटी स्मिता और हमीरपुर निवासी कंप्यूटर कारोबारी विनय को फोन किया।
किसी अधेड़ का था आना-जाना
बड़ी बहन और विनय दोनों हरिनगर स्थित घर पहुंचे। मेन गेट भीतर से बंद होने के चलते पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में गेट खुलवाकर अंदर पहुंचते ही सब सन्न रह गए।
बेडरूम में पलंग पर सुष्मिता मृत अवस्था में पड़ी थी। मौत से पहले सुष्मिता ने कमरे में उल्टियां भी की थीं। टीवी और कमरे का पंखा भी चलता मिला। पलंग पर कॉपी-किताबें पड़ी थीं। एसओ ने बताया कि परिस्थितियां आत्महत्या की तरफ इशारा कर रही हैं।
हालांकि, इलाकाई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। सुष्मिता के पिता वेलफ्रेड मूल रूप से कानपुर के हैं। मां जोंस फ्रांसिस बलरामपुर अस्पताल से बतौर नर्स रिटायर हुई हैं। सुष्मिता के घर किसी अधेड़ का आना-जाना था। पुलिस उस व्यक्ति का पता लगा रही है।
डिलीट कर दी गईं मोबाइल की कॉल डिटेल!
सुष्मिता के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल चौंकाने वाली हैं। सोमवार रात करीब दस से ग्यारह बजे के बीच उसके मोबाइल फोन पर मां और बहन की करीब 20 मिस कॉल पड़ी हैं।
इसके अलावा 17 व 22 मई को उसके फोन पर दो कॉल मिली हैं। एक जून को रिलायंस के एक नंबर और आठ जून को सोनी नाम की किसी लड़की से बात हुई।
एक महीने में मात्र तीन-चार कॉल से लग रहा है कि सुष्मिता की कॉल डिटेल मिटाई गई है।
बाथरूम में ब्रश पर लगा मिला टूथपेस्ट
घर की छानबीन में पुलिस को बाथरूम में एक ब्रश पर टूथपेस्ट लगा मिला। ब्रश सुष्मिता का है या किसी और का?
इसकी छानबीन की जा रही है। इसके अलावा मेन गेट और छत के दरवाजे भीतर से बंद थे, लेकिन बाकी दरवाजे खुले थे। मकान की दीवार करीब सात फुट ऊंची है।
मेन गेट भीतर से बंद होने के बाद भी दीवार फांदकर कोई भी व्यक्ति आ-जा सकता है। पुलिस सभी चीजों की तहकीकात कर रही है।