बुजुर्ग महिला की दिनदहाड़े हत्याकर लाखों लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हजरतगंज के नवल किशोर रोड पर बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला रामरती देवी अग्रवाल (92) की घर में ही बेरहमी से हत्या कर दी। बदमाश हीरे जड़े गहने व लाखों का माल लूट ले गए।
पर इतना सबकुछ हो जाने के बावजूद उसी फ्लोर पर रह रहे महिला के तीन बेटों के परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे पुलिस को वारदात में घर से वाकिफ शख्स के शामिल होने का शक है।
सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक रामरती तीन मंजिला मकान में अपने बेटे रामकुमार, महावीर और बहू सरला के परिवार के साथ रहती थीं। रामरती के पति रामस्वरूप गुप्ता व बहू सरला के पति प्रेमचंद्र की कई सालों पहले मौत हो चुकी है।
सोमवार दोपहर 2:30 बजे सरला के कमरे में खाना खाने के बाद रामरती अपने कमरे में आराम करने चली गई थीं। दोपहर 3:30 बजे नौकरानी ने कमरे का दरवाजा खोला।
सिर से बहा खून फैला था बिस्तर पर
बेड पर रामरती की लाश पड़ी थी। उनके पैर लटके थे जबकि चेहरे पर दो तकिया रखे थे। सिर से बहा खून बिस्तर पर फैला था। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
हीरे के गहने गायब
बहू सरला के मुताबिक रामरती ने हीरा जड़ित सोने की पांच अंगूठियां, हीरा जड़ित कंगन, हीरे के पैडल वाली सोने की चेन, हीरा जड़ित टॉप्स पहन रखे थे। ये सब गहने गायब हैं। वहीं कमरे में रखी सेफ की चाबी भी गायब है। उन्होंने लाखों के गहने व नगदी लुटने की आशंका जताई।
अकूत संपत्ति की मालकिन थीं रामरती
इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल यादव के मुताबिक रामरती अकूत संपत्ति की मालकिन थीं। पति रामस्वरूप की 35 साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने एक हिस्सा संपत्ति अपने पास रखने के साथ ही बाकी दस बच्चों में बांट दी थी। इसमें दो दुकानें भी शामिल हैं।