एमिटी कैंपस में छात्रा पर शादी का दबाव डाल युवक ने पिस्टल तानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पर आतंकी हमले की अप्रामाणिक सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन का पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का दावा 24 घंटे में ही ध्वस्त हो गया।
चिनहट स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के ओल्ड कैंपस में बुधवार दोपहर फैशन डिजाइनिंग छात्रा के एकतरफ प्यार में पागल बाराबंकी के सतरिख नाका अयोध्यानगर निवासी रत्नेश वर्मा पिस्टल लेकर घुस गया। उसने छात्रा पर पिस्टल तानकर शादी का दबाव डाला। इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी दी।
उसकी हरकत से यूनिवर्सिटी परिसर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस पहुंची तो रत्नेश भाग निकला। यूनिवर्सिटी का गेट बंद कराकर आधा घंटा तक तलाशी ली गई लेकिन रत्नेश का पता नहीं चला। कुछ देर बाद गुपचुप कार से निकलते वक्त उसे गेट पर दबोच लिया गया।
रत्नेश के पास से मुंगेर की बनी अवैध पिस्टल बरामद हुई है। उसके खिलाफ चिनहट कोतवाली में छात्रा से अश्लील हरकतें करने, जान से मारने की धमकी और नाजायज असलहा रखने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एग्जाम दे रही थी छात्रा, पिस्टल लेकर कमरे में घुस आया
छात्रा बुधवार दोपहर फैशन डिजाइनिंग के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दे रही थी। करीब तीन बजे रत्नेश अपनी फोर्ड फिगो कार से यूनिवर्सिटी में घुस आया। गैलरी में कार खड़ी करने के बाद वह पिस्टल लेकर एग्जाम रूम में घुस गया। छात्रा उसे देखकर बेंच के नीचे छिप गई।
रत्नेश पिस्टल निकालकर उसे ढूंढने लगा तो एग्जाम रूम में हड़कंप मच गया। छात्र-छात्राएं शोर मचाते हुए बाहर की तरफ भागीं और स्टाफ को सूचना दी। इस बीच रत्नेश ने छात्रा को पकड़ लिया और उस पर शादी का दबाव डालने लगा।
इन्कार करने पर पिस्टल तानकर उसने जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले कि वह गोली चलाता, स्टाफ के लोग आ गए और उसे घेर लिया। रत्नेश वहां से भागकर अपनी कार में छिप गया।
एक साल से छात्रा के पीछे पड़ा था रत्नेश
छात्रा के भाई ने बताया कि रत्नेश बीते करीब एक साल से उसकी बहन के पीछे पड़ा था। पहले छात्रा भी बाराबंकी में ही रहती थी। बीते वर्ष रत्नेश ने उसे आते-जाते देखा तो बात करने की कोशिश की। बातचीत के दौरान ही उसने छात्रा से दोस्ती कर ली।
इस बीच रत्नेश को यह गलतफहमी हो गई कि छात्रा उससे प्यार करती है। उसने प्रेम का इजहार किया तो छात्रा ने रिश्ता तोड़ लिया।
बौखलाया रत्नेश आते-जाते उसे परेशान करने लगा तो बाराबंकी का घर छोड़कर पूरा परिवार यहां विकासनगर में रहने लगा। रत्नेश यहां आकर भी छात्रा को परेशान करने लगा। परिवारीजन समझाने की कोशिश करते तो वह धमकाने लगता।
उसके पिता रायबरेली के एक होम्योपैथिक अस्पताल में चिकित्सक हैं। छात्रा के परिवारीजनों ने उनसे शिकायत की। हालांकि, बेटे की हरकतों के आगे वह भी लाचार नजर आए।
कोर्स कर शुरू किया कपड़े का बिजनेस
रत्नेश रेडीमेड कपड़ों का रिटेल बिजनेस करता है। पुलिस ने बताया कि बाराबंकी, फैजाबाद और सुल्तानपुर जिले में वीमॉर्ट शॉपिंग मॉल में उसके शोरूम हैं।
उसने वर्ष 2010 में एमिटी यूनिवर्सिटी के ओल्ड कैंपस से ही फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था। रत्नेश के शोरूम में खुद उसके डिजाइन किए गए कपड़े भी बिकते हैं।
पिता ने लगाया पुलिस से मिलकर फंसाने का आरोप
रत्नेश के पिता अशोक वर्मा ने बेटे को फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रत्नेश और छात्रा के बीच प्रेम प्रसंग था। रत्नेश उससे शादी करना चाहता था। छात्रा कोर्स पूरा करने के बाद शादी की बात कह रही थी।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच चार दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। उन्होंने कहा कि छात्रा के भाई ने चिनहट पुलिस की मिलीभगत से उनके बेटे को फर्जी मामले में फंसा दिया। पिस्टल बेटे की नहीं है।