दुस्साहस : दिनदहाड़े दबंग ने डॉक्टर को तलवार से काट डाला, ताबड़तोड़ वार से हाथ, पैर शरीर से अलग हुए
घटना की वजह बेची गई प्रॉपर्टी का पैसा न देना बताया जा रहा है। पुलिस पिकेट से चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरगांव (सीतापुर) थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपने क्लीनिक पर बैठकर मरीजों को देख रहे एक डॉक्टर की दिनदहाड़े दबंग ने तलवार से काटकर निर्मम हत्या कर दी। ताबड़तोड़ किए गए वार से डॉक्टर का एक हाथ और दूसरे हाथ का पंजा भी कट गया। बेटे को बचाने गए डॉक्टर के पिता पर भी दबंग ने तलवार से हमला कर दिया, इससे वह भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग रहे हत्यारोपी को लोगों ने दबोच लिया और इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले आरोपी को कर दिया गया। घटना की वजह बेची गई प्रॉपर्टी का पैसा न देना बताया जा रहा है। पुलिस पिकेट से चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
हरगांव इलाके के मुद्रासन गांव निवासी मुनींद्र प्रताप वर्मा (45) पुत्र गजोधर वर्मा डॉक्टर थे। उनका हरगांव इलाके के मुद्रासन में मां कमला हॉस्पिटल के नाम से क्लीनिक है। अस्पताल हरगांव-लहरपुर मार्ग पर स्थित है। रोजाना की तरह मंगलवार की दोपहर डॉक्टर क्लीनिक पर बैठकर मरीजों को देख रहे थे। आरोप है कि उनके गांव का ही निवासी अच्छेलाल क्लीनिक पर आ धमका। चश्मदीदों के मुताबिक, उसके हाथ में नंगी तलवार थी। डॉक्टर जब तक कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी अच्छेलाल ने उस पर तलवार से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। डॉक्टर ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी के सिर पर खून सवार हो चुका था। तलवार के ताबड़तोड़ प्रहार से डॉक्टर के एक हाथ का पंजा और दूसरा हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।
इसके बाद हमलावर ने डॉक्टर की गर्दन पर कई वार कर दिए, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे पर हमला होते देख बचाने को दौड़े उसके पिता गजोधर पर भी दबंग ने तलवार से प्रहार कर दिया, इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगा। हालांकि, मौके पर आसपास के लोग और कुछ दूरी पर मौजूद पुलिस पिकेट के पुलिस कर्मी पहुंच गए। लोगों की मदद से पुलिस ने हत्यारोपी को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से आला कत्ल बरामद हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
वहीं, बीच बचाव में घायल हुए डॉक्टर के पिता को हरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग की हालत खतरे से बाहर है। घटना को लेकर मृतक की पत्नी ने बताया कि आरोपी के पिता ने उसके पति को जमीन बेची थी। जमीन का बैनामा होने के बाद पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। जमीन कम होने की वजह से पैसे नहीं दे रहे थे। आरोप है कि इसी को लेकर उसके पति की हत्या कर दी गई। घटना की तहरीर मृतक की पत्नी ने दी है। एसओ हरगांव डीपी शुक्ला ने बताया कि पैसों के लिए हत्या की गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
जमीन कम होने की बात कहकर पैसा नहीं दे रहे थे डॉक्टर
मौके पर पहुंचे एसपी ने कार्रवाई के दिए आदेश
दिनदहाड़े हत्या की हुई वारदात की सूचना पाकर एसपी आरपी सिंह, एएसपी नॉर्थ डॉ. राजीव दीक्षित, सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। कप्तान ने पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद एसओ को मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
दिनदहाड़े हत्या से दहला मुद्रासन, दहशत में लोग
क्लीनिक में डॉक्टर की दिनदहाड़े की गई हत्या की वारदात से मुद्रासन दहल गया है। घटना को देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरीज डर के मारे जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए। कुछ ने दवा ली थी तो कुछ अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन घटना के बाद वह भाग गए। अफरा-तफरी का माहौल घंटों तक मौके पर रहा है। दिनदहाड़े हत्या की वारदात को जिसने भी सुना, उसके रौंगटे खड़े हो गए। वह दहशत में आ गया। वारदात के बाद आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है।
बेटी के विद्यालय टॉप करने की खुशी सुन दुनिया से विदा हो गए पापा
इसे महज संयोग ही कहा जा सकता है, जिस बेटी ने कड़ी मेहनत करके विद्यालय टॉप करके सबसे पहले पापा को जानकारी दी। वह सबको फोन पर बधाई दे रही थी लेकिन बेटी को नहीं मालूम था कि यह खुशी अधिक देर तक नहीं टिक सकेगी। सूचना देने के 10 मिनट बाद पापा का मर्डर हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही बेटी के पैरों तले जमीन खिसक गई। कुछ ही देर की खुशियां मातम में बदल गई। मानो सारी मुसीबतों का पहाड़ बेटी पर ऐसा फूटा कि वह रिजल्ट की खुशी को भूलकर पापा के सदमे में बेहोश हो गई।
बात कर रहे हैं उस बेटी की जिसने ओएनजीसी कम्युनिटी स्कूल लहरपुर में 97.2 अंक हासिल करके विद्यालय में टॉप करके मान बढ़ाया। अनामिका वर्मा के पिता डॉ. मुनेंद्र वर्मा मुद्रासन में अपना क्लीनिक चलाते थे। मुनेंद्र वर्मा का मंगलवार को क्लीनिक पर ही मर्डर हो गया। अनामिका का कहना है रिजल्ट आने के बाद सबसे पहले पापा को ही फोन करके विद्यालय में टॉप करने की जानकारी दी थी। इस पर पापा ने खुशी जताते हुए बहुत शाबासी दी। बोले बेटी तुमने मेरा नाम रोशन कर दिया है। अनामिका अपने मित्रों व रिश्तेदारों को टॉप करने की सूचना दे रही थी। वह अपनी मेहनत का फल देखकर फूले नहीं समा रही थी, लेकिन अनामिका की यह खुशी शायद किसी को मंजूर नहीं हुई।
कुछ ही देर बाद अनामिका को पापा के मर्डर होने की सूचना मिली। इसकी जानकारी होते ही अनामिका की खुशी काफूर हो गई। सब उनको किसी तरह ढांढस बंधा रहे थे। लेकिन अनामिका के आंखों से आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे। वहीं कॉलेज में भी घटना के बाद शिक्षक सदमे में आ गए। सब यही कह रहे थे अभी कुछ देर तक सब कुछ ठीक था, आखिर यह सब कैसे हो गया।