12:39 AM, 18-Apr-2020
बिजनौर और शामली में भी मिले नए मरीज
बिजनौर जनपद में शुक्रवार को सात नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं वहीं शामली जिले के कुल 66 सैंपलों की जांच हुई जिनमें एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बिजनौर में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है और शामली में ये आंकड़ा 17 तक पहुंच चुका है।
11:46 PM, 17-Apr-2020
आगरा में कोरोना के 24 नए मरीज मिले
आगरा में कोरोना के 24 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 196 हो गई है। पांच कोरोना संक्रमितों की मौत चुकी है। प्रशासन का आगरा मॉडल फेल हो गया है। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही जमाती और पारस अस्पताल के संक्रमित प्रशासन के लिए मुसीबत बन गए हैं।
10:50 PM, 17-Apr-2020
मुरादाबाद में 10 महीने के बच्चे समेत छह और कोरोना पॉजिटिव
मुरादाबाद में 10 माह के बच्चे समेत छह और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटव निकली है। इनमें तीन लोग तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। इसके साथ ही शुक्रवार को एक ही दिन में नए कोरोना पॉजिटव मरीजों की संख्या सात हो गई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटव मरीजों का आंकड़ा 39 पहुंच गया है।
10:22 PM, 17-Apr-2020
मेरठ में मिले तीन कोरोना पॉजिटिव
मेरठ मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को 300 सैंपल की जांच हुई जिनमें तीन पॉजिटिव हैं। इनमें एक मेरठ एक बुलंदशहर और एक शामली का है। मेरठ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 69 हो गई है, इनमें से दो की मौत हो गई है जबकि 14 ठीक होकर घर को लौट चुके हैं।
10:04 PM, 17-Apr-2020
पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी करेंगे हॉटस्पॉट इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर उठाए जा रहे कदमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश देने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तानों को लॉकडाउन के दौरान चिह्नित हॉटस्पाट क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने और सप्लाई चेन को बनाए रखने को कहा है।
09:54 PM, 17-Apr-2020
फिरोजाबाद में मिले 11 पॉजिटिव केस
फिरोजाबाद में शुक्रवार को 11 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें एक सरकारी विभाग का कर्मचारी भी शामिल है। अब फिरोजाबाद जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। ये नमूने 13 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए थे।
09:45 PM, 17-Apr-2020
लॉकडाउन का पालन करने के लिए कहना दुकानदार को पड़ा भारी
मेरठ में शुक्रवार शाम को एक आटा व्यापारी को अपनी दुकान के बाहर खड़े कुछ युवकों से लॉकडाउन के लिए कहना भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। बचाव में आए दुकानदार के भाई व भांजे के साथ भी मारपीट कर दी। आरोपी दुकान में घुसकर करीब 40 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
08:54 PM, 17-Apr-2020
लॉकडाउन की अवधि में ट्रांसपोर्टेशन का शुल्क नहीं वसूल सकते स्कूल : उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि निजी स्कूल लॉकडाउन की अवधि में अभिभावकों से कोई ट्रांसपोर्टेशन शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तिमाही की जगह हर महीने शुल्क लेने का आदेश पहले ही जारी कर दिया है।
08:40 PM, 17-Apr-2020
देवबंद: दिल्ली दूतावास भेजे गए दारुल उलूम में रुके नौ अफगानी छात्र
सहारनपुर के देवबंद में लॉकडाउन के चलते दारुल उलूम में रुके नौ अफगानी छात्रों को शुक्रवार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दिल्ली स्थित अफगानिस्तान दूतावास भेज दिया गया।
कोरोना वायरस के चलते देश में घोषित किए गए लॉकडाउन के चलते इस वर्ष दारुल उलूम में परीक्षाएं स्थगित कर कर दी गई थीं। जिसकी वजह से संस्था में पढ़ने वाले नौ अफगानी छात्र यहीं पर रुके हुए थे। उनकी वीजा अवधि भी पूर्ण होने का समय करीब था।
08:25 PM, 17-Apr-2020
मुरादाबाद में महिला मिली कोरोना पॉजिटिव
मुरादाबाद में एक और महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। शुक्रवार को मुरादाबाद में 22 कोरोना सैम्पल की रिपोर्ट आई जिसमें एक महिला पॉजिटिव पाई गई और 21 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट है। महिला टीएमयू में भर्ती है और गोविंद नगर की रहने वाली है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। देर रात तक क्वारन्टीन जमातियों और उनके संपर्क में आये लोगों की भी रिपोर्ट आने की संभावना है।