लखनऊ। अस्पताल में बेड नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने संक्रमण फैलने से बचाने के लिए कोरोना मरीज को हजरतगंज चौराहे के पास पेट्रोल पंप पर ही आइसोलेट कर दिया। हालांकि शनिवार को लोगों ने यह नजारा देखकर इसका वीडियो वायरल कर दिया। इस पर डीएम ने मरीज को राम सागर मिश्रा अस्प्ताल में भर्ती कराया।
जानकारी अनुसार मैकेनिक विक्की गंज चौराहे के पास के पेट्रोल पंप के पास बाइक का काम करता है। लक्षण दिखने पर उसने छह अप्रैल को कोविड टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद से वह लगातार कंट्रोल रूम पर फोन करता रहा, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। शनिवार दोपहर कुछ पुलिसकर्मी पेट्रोल पंप पहुंचे और विक्की को टिन शेड के नीचे लेटने के लिए कहा। इसके बाद उसे रस्सी से घेरकर वहीं आइसोलेट कर दिया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही डीएम अभिषेक प्रकाश ने विक्की को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया। लोगों ने बताया कि संक्रमित युवक रिपोर्ट आने के बाद से भर्ती होने का इंतजार करता रहा। वहीं, इस दौरान लगातार लोग पंप पर पेट्रोल डलवाने आते रहे।