एसपी ऑफिस में सिपाही ने खुद को गोली मारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसपी कार्यालय परिसर स्थित गारद रूम का दरवाजा बंद करके मंगलवार को एक सिपाही ने सरकारी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली उसके पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई।
सिपाही लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ा।
इस घटना से एसपी दफ्तर में अफरातफरी मच गई। पुलिस कर्मियों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात सिपाही नशे की हालत में ड्यूटी के दौरान मिला था। इसकी शिकायत उसके साथियों ने पुलिस अधिकारियों से की थी। माना जा रहा है कि कार्रवाई के डर से सिपाही ने खुद को गोली मार ली।
सीतापुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के कनखवा गांव निवासी एक सिपाही रावेंद्र प्रताप सिंह की एसपी कार्यालय में गारद रूम में तैनात है। चार महीने पहले उसकी जिले में आमद हुई थी। इससे पहले वह लखनऊ में तैनात था।
गोली की आवाज से पुलिस के हाथ-पैर फूले
सुबह रावेंद्र पुलिस दफ्तर पहुंचा। बिना किसी से कुछ बोले गारद रूम का दरवाजा अंदर से बंद करके वहां रखी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली की आवाज से पुलिस अफसरों के हाथ-पैर फूल गए। साथी पुलिस कर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो रावेंद्र फर्श पर जख्मी हालत में तड़प रहा था। आननफानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
आरआई एसपी उपाध्याय ने रात में ही सिपाही का मेडिकल कराया था, जिसमें सिपाही के शराब पीने की बात सामने आई थी। इसकी शिकायत एसपी से की गई थी। सिपाही को कार्रवाई का डर सता रहा था। इसी वजह से उसने गारद रूम के अंदर खुद को गोली मार ली।