जनता की आवाज बन सीधे 'कनेक्ट करेगी' कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस फिर मुहिम छेड़ने जा रही है। घर बैठे नेताओं व कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए बड़े नेता जिलों में जाकर बैठकें करेंगे। वहीं, 2 अक्तूबर को गांधी जयंती, 31 अक्तूबर को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा 14 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर हर जिले में बड़े स्तर पर कार्यक्रम करने का भी निर्णय किया गया।
कांग्रेस न्याय व ग्राम पंचायत स्तर तक जनता से सीधे संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को लेकर आंदोलन छेड़ेगी। गन्ना मूल्य बढ़ाने और बकाया भुगतान की मांग को लेकर 17 अक्तूबर को बस्ती तथा 18 अक्तूबर को मुजफ्फरनगर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा जिसमें प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री भी शामिल होंगे।
दिसंबर के पहले सप्ताह में वृंदावन में पार्टी का शिविर आयोजित होगा। यह फैसला सोमवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर जिला-शहर अध्यक्षों की बैठक में किया गया।
बैठक के बाद मिस्त्री व खत्री ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस अब जनता की आवाज बनेगी और उनसे सीधे ‘कनेक्ट’ करेगी। शहरों से लेकर गांवों तक पार्टी नेता व कार्यकर्ता लोगों से मिलकर उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की मुहिम चलाएंगे।
हर जिले में बनेगा 'समस्या निवारण केंद्र'
किन्हीं भी वजहों से निष्क्रिय होकर घर बैठे कांग्रेसियों को सक्रिय करने के लिए बड़े नेता खुद जिलों में जाकर उनसे संवाद करेंगे। इसके तहत मिस्त्री व खत्री 8 अक्तूबर को अंबेडकरनगर, 9 को जौनपुर, 11 को हाथरस एवं 12 अक्तूबर को फीरोजाबाद का दौरा करेंगे। इन जिलों में 100-100 प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके संगठन को सक्रिय करने की रूपरेखा बनाई जाएगी।
बैठक में दिसंबर के पहले सप्ताह में वृंदावन (मथुरा) में संगठन के नेताओं को कांग्रेस की विधाराधारा की जानकारी देने के लिए शिविर लगाया जाएगा। इस बीच, सभी जिलों में कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से बना लेने को कहा गया है।
प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में मिस्त्री ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए हर जिले में ‘जनसमस्या निवारण केंद्र’ बनाने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर व विधान परिषद में नेता नसीब पठान ने भी जिला-शहर अध्यक्षों को संबोधित किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व सहप्रभारी प्रकाश जोशी, नसीब सिंह एवं जुबेर खान भी मौजूद थे।