कांग्रेस ने दिया मोदी के दो साल का हिसाब, बताया- झूठ का प्रचारक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद आनन्द शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को झूठ का प्रचारक बताया। उन्होंने कहा कि वे प्रचारक के रूप में आए हैं और सपने बेच रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार दो साल में रोजगार, किसान, आर्थिक व विदेश नीति सहित सभी मोर्चे पर फेल हुई है। देश में विदेशी पूंजी निवेश घटा है।
गैर कृषि क्षेत्र को दिया जाने वाला ऋण भी 20 साल के सबसे निचले स्तर पर है। इन दो सालों में कारखाने बंद हुए व रोजगार के अवसर कम हुए हैं। ऐसे में यह जश्न का नहीं बल्कि जवाबदेही का समय है।
आनन्द शर्मा रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन पिछले दो वर्षों में चार लाख नौकरियां भी केंद्र सरकार नहीं दे सकी है।
सरकार ने कितने रोजगार दिए हैं इसकी राज्यवार व जिलावार सूची जारी करनी चाहिए। इतिहास में पहली बार नेशनल इनवेस्टमेंट रेट सेविंग रेट से नीचे गिर गया है।
'देश के हालात मोदी के दावों से बिल्कुल अलग'
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने दो साल पूरा होने पर ऐसा माहौल दिखाया जैसे देश का कायाकल्प हो गया हो। सभी वादे पूरे हो गए हों। लेकिन स्थिति एकदम उलट है।
उन्होंने कहा कि कल इंडिया गेट पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि एक तरफ विकासवाद है तो दूसरी ओर विरोधवाद। हम विकास कर रहे हैं जबकि विपक्ष विरोध कर रहा है। इस पर हम प्रधानमंत्री से कहना चाहते हैं कि हम विरोधवादी नहीं हैं बल्कि यथार्थवादी हैं। जो यथार्थ में है उसे जनता को बता रहे हैं।
भाजपा सरकार के दावे पूरी तरह गलत हैं। तथ्य उनको सिरे से नकारते हैं। यूपीए सरकार के समय 323 बिलियन डॉलर का एक्सपोर्ट था। यह मोदी सरकार के पहले साल में घटकर 308 बिलियन डॉलर हुआ। जबकि दूसरे साल में यह घटकर 261 बिलियन डॉलर रह गया है।
यह हाल तब है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 40 डॉलर प्रति बैरल से कम हैं। यदि तेल महंगा होता तो देश की अर्थव्यवस्था आज आईसीयू में होती।
सात लाख करोड़ से ज्यादा नान परफार्मिंग एसेट्स
उन्होंने कहा कि देश में सात लाख करोड़ रुपये से ज्यादा नान परफार्मिंग एसेट्स हैं। लेकिन इनमें से सवा लाख करोड़ रुपये के तो उन दो लोगों के हैं जो प्रधानमंत्री के साथ आए दिन विदेश यात्रा करते रहते हैं। इनका नाम लेने की जरूरत नहीं है देश की जनता इनका नाम जानती है।
देश में मोदी से बढ़कर नहीं है कोई इवेंट मैनेजर
आनन्द शर्मा ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बढ़कर कोई इवेंट मैनेजर नहीं है। न ही ऐसा इवेंट मैनेजर हुआ है और न ही भविष्य में होगा। वे पुरानी योजनाओं को भी इतने अच्छे से नाम बदलकर लांच कर देते हैं कि सभी चकरा जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया के चार प्रमुख आधार स्तंभ जिनमें इनवेस्ट इंडिया, ई-बेस्ड प्रोजेक्ट, इंडिस्ट्रियल कॉरीडोर व राष्ट्रीय निर्माण नीति इन सभी पर काम यूपीए सरकार में ही शुरू हो गया था।
विदेश नीति व कूटनीति में हुए फेल
आनन्द शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इतना विदेश घूमते हैं इसके बावजूद देश विदेश नीति व कूटनीति में फेल हो रहा है। संयुक्त राज्य सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए पहली बार रूस ने भारत का विरोध किया। जबकि रूस हमेशा से भारत का दोस्त रहा है।
मोदी बिना बुलाए पाकिस्तान चले गए। इसके बाद गुरदासपुर व ऊधमसिंहनगर जैसी घटनाएं घट जाती हैं। नेपाल से भी हमारे रिश्ते आज खराब हो गए हैं। नेपाल में चीन सीमा तक सड़कें बना रहा है। प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि उनके विदेश भ्रमण व कूटनीति का क्या लाभ मिल रहा है।
गंगा सफाई की बात करते हैं बजट आधा कर दिया
कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार गंगा सफाई की बात करती है लेकिन इस विभाग का बजट आधा कर दिया। इसी तरह आईसीडीएस व महिला कल्याण विभाग का भी बजट आधा कर दिया। बच्चों को बंटने वाला मिड डे मील का बजट सरकार ने घटा दिया।
यूपी में चुनाव से पहले दंगे कराने की तैयारी
आनन्द शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दंगे कराने की तैयारी चल रही है। यही वजह है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व बजरंग दल सक्रिय हो गए हैं। सूबे में दंगा कराकर वोटों का ध्रुवीकरण कराया जाएगा। भाजपा को केवल यही नीति सूट करती है।
मोदी सरकार के दो साल के कार्यकाल पर लांच की किताब
कांग्रेस ने मोदी सरकार के दो साल के कार्यकाल एक किताब लांच की है। इसका शीर्षक ‘सच्चाई का आईना’ रखा है। पुस्तक के ऊपर ‘प्रगति की थम गयी चाल दो साल, देश का बुरा हाल!’ लिखा गया है।
इसमें नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए वादे और आज उनकी हकीकत को दर्शाया गया है। इसे लांच करने के मौके पर आनन्द शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, मीडिया कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी, वाइस चेयरमैन वीरेन्द्र मदान आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।