पीके का पैंतरा: कांग्रेस अनुप्रिया के जवाब में उतार सकती है ये चेहरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में कुर्मी बिरादरी के बड़े वर्ग को अपने साथ जोड़ने के लिए भाजपा अनुप्रिया पटेल को प्रोजेक्ट करने की तैयारी कर ही रही है कि इस बीच कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अनुप्रिया के मुकाबले हार्दिक पटेल पर दांव खेल दिया है।
गुजरात सरकार की नाक में दम करने वाले हार्दिक पटेल शुक्रवार को सूरत जेल से जमानत पर छूटे हैं। कोर्ट का आदेश है कि वह छह महीने तक गुजरात से बाहर रहेंगे। इसी का फायदा उठाते हुए कांग्रेस अब उन्हें यूपी में लाने की तैयारी में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि पीके ने अपनी टीम के कुछ सदस्यों को कई दिन से इस अभियान में लगाया हुआ है। जल्द ही हार्दिक को स्टार प्रचारक के रूप में यहां लाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार पीके के निर्देशन में एक टीम जल्द ही जाकर हार्दिक से उदयपुर में मिलेगी।
पता चला है कि फिलहाल हार्दिक पटेल सूरत की जेल से छूटने के बाद उदयपुर में अपना ठिकाना बनाने जा रहे हैं। पिछले दिनों लखनऊ में हुई प्रशांत किशोर और कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक में पटेलों (कुर्मी बिरादरी) की नेता अनुप्रिया पटेल की काट तलाशने को लेकर चर्चा हुई थी।
कुछ दिनों पहले हुई थी हार्दिक की चर्चा
उसी दौरान कुछ पदाधिकारियों की तरफ से हार्दिक पटेल का नाम सुझाया गया था। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने भी सहमति दी थी। कहा जा रहा है कि हार्दिक पटेल के लिए यूपी की उन सीटों का खाका भी तैयार कर लिया गया है, जहां जहां कुर्मी बिरादरी के मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। पटेल बिरादरी के नेता और कांग्रेस इकाई के कानपुर देहात जिलाध्यक्ष नीतम सचान ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही हार्दिक पटेल को लेकर प्रदेश में चर्चा हुई थी।
कांग्रेस ने हार्दिक पटेल के लिए जो खाका तैयार किया है, उसमें प्रदेश की कुल 85 में से 35 सुरक्षित सीटों को ध्यान में रखा है। बताया जा रहा है कि इन सुरक्षित सीटों पर सबसे ज्यादा मतदाता इसी बिरादरी से आते हैं। जिसमें कानपुर नगर की दो सीटें, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, ललितपुर, बांदा, इलाहाबाद की तीन सीट, कन्नौज, जालौन, झांसी, हरदोई, सीतापुर की दो सीट, बरेली, हरदोई के अलावा पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटें शामिल हैं।