दिसंबर में ही जनवरी जैसी ठंड, गलन बढ़ी, पारा गिरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बर्फीली हवाओं ने सूबे में ठंड के तेवर तीखे कर दिए हैं। गलन लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश का अधिकांश हिस्सा कोहरे की घनी चादर में सिमटा हुआ है। इसके चलते 14 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान बीते 48 घंटे में सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गिया। हाल ये है कि दिसंबर में ही जनवरी जैसी ठंड हो रही है।
नजीबाजाद 7.5 डिग्री न्यूनतम पारे के साथ सूबे में सबसे ठंडा रहा। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा। वहीं मंगलवार को दिन का पारा 9 डिग्री तक गिरकर 17.3 डिग्री रहा जो सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले 4 दिसंबर को दिन का पारा 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। कोहरे के चलते विजिबलिटी 50 से 200 मीटर ही रही।
मौसम विभाग ने और अधिक कोहरे की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और खासकर तराई इलाकों में सुबह व रात में ज्यादा कोहरा पड़ सकता है। उत्तर-पछुवा हवाओं से कोल्ड वेव कंडीशन एक्टिव हो रही है। रातों में ठंड बढ़ेगी।
दिन का तापमान 9 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया
अगर राजधानी लखनऊ की बात करें तो दिसंबर के पहले हफ्ते में ही मंगलवार को सर्दी ने जनवरी का एहसास करा दिया। दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ तो बर्फीली हवा के झोंके चलते रहे।
सूरज देव के दर्शन नहीं हुए तो कोहरे की चादर शाम ढलते ही गहराने लगी। ऐसे में दिन ठिठुरते बीता तो रात में गलन ने परेशान किया।
धूप न खिलने से दिन के तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सोमवार रात 12:30 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे की वजह से इस दौरान विजिबिलिटी जीरो से लेकर 50 मीटर तक ही रही। हालांकि रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
क्यों इतनी सर्दी
पिछले साल 2015 दिसंबर में महज एक ही दिन 13 दिसंबर को दिन का अधिकतम पारा 20 डिग्री के नीचे 19.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था। उसके बाद दिसंबर भर अधिकतम पारा 20 के ऊपर ही बना रहा। इस साल 16 जनवरी तक भी पारा 20 डिग्री के ऊपर ही बना रहा, उसके बाद 19-18 डिग्री तक आया। लेकिन इस बार पहले हफ्ते में ही ये जनवरी सा कंपा रहा है। मौसम विज्ञानी के मुताबिक वायुमंडल में आर्द्रता स्तर लगातार 100 प्रतिशत के ऊपर ही बना हुआ है, इसलिये कोहरा घना हो रहा है। धूप नीचे नहीं पहुंच पा रही है। नतीजा सर्दी बढ़ रही है।
दिसंबर में गिरता पारा
तारीख--अधिकतम--न्यूनतम
06 दिसंबर--17.3--11.0
05 दिसंबर--20.8--08.6
04 दिसंबर--20.0--12.0
03 दिसंबर--22.5--14.5
02 दिसंबर--23.5--13.0
01 दिसंबर--25.9--11.8