सीएम योगी ने कहा : वक्फ से मुक्त अवैध जमीनों पर बनेंगे गरीबों के घर, संपत्तियों के बंदरबांट पर लगेगी रोक
CM Yogi's announcement: यूपी के मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वक्फ से मुक्त अवैध जमीनों पर प्रदेश भर के गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ से मुक्त अवैध जमीनों पर प्रदेश भर के गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे। इतना ही नहीं वक्फ संशोधन बिल के पास होने के बाद जमीनों की बंदरबांट पर भी रोक लगेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी की तरक्की से दंगाई और उनके आकाओं को दिक्कत हो रही है।
ऐसा इसलिए कि बढ़ते व्यापार, बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ पूर्ण रूप से सुरक्षित प्रदेश में उनका धंधा चौपट हो गया है। सीएम महराजगंज और गोरखपुर में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
महराजगंज के रतनपुर में रोहिन बैराज सहित अन्य योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास बाद सीएम ने कहा कि गरीबों के कल्याण के नाम पर वक्फ की जमीनों की लूट मचाने वालों को देश की फिक्र न तब थी न अब है। पिछली सरकारों में बैठे लोग अपने परिवार के विकास और घर को भरने में मशगूल रहे। जमीनों को लूटा और माफिया को देने का काम किया। अब वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद ऐसा नहीं हो सकेगा।
यह भी पढ़ें : Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक बना कानून, संसद के बाद राष्ट्रपति मुर्मू की भी मंजूरी; जानें क्या होंगे बदलाव
यूपी में वक्फ के नाम लाखों एकड़ भूमि कब्जा की गईं। अब सबकी जांच कराकर मुक्त कराया जाएगा। इन जमीनों को माफिया नहीं, अब गरीबों के लिए घर, स्कूल, काॅलेज और मेडिकल काॅलेज के काम में लाया जाएगा। प्रदेश भर के गरीबों का अपने आशियाने का सपना अब पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : Waqf Bill: राहुल गांधी का दावा- अब ईसाइयों की जमीन पर संघ की नजर; चंद्रशेखर का आरोप- कर रहे भारत विरोधी काम
वहीं, गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल के किनारे ताल रिंग रोड, कार्निवाल पार्क और गोरक्ष एन्क्लेव के उद्घाटन व कन्वेंशन सेंटर के शिलान्यास समेत 1,640 करोड़ की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के संगम के विजन से 2017 से बदला उत्तर प्रदेश, देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। आज का उत्तर प्रदेश अब जातिवादी, परिवारवादी व माफियावादी ताकतों के हाथों में नहीं खेलेगा, बल्कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करते हुए देश की अर्थव्यवस्था का अग्रणी राज्य बनेगा। सीएम ने अर्थव्यवस्था के आंकड़ों को फर्जी बताने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कि ऐसा कहने वालों की सोच दूषित हो चुकी है।
अन्नदाता सर्वोपरि, फसलों को आग से बचाने में चूक न हो
मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार दोपहर में गोरखनाथ मंदिर में प्रशासन और पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर आग से फसलों को बचाने में कोई चूक न होने दें। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए अन्नदाता किसानों का हित सर्वोपरि है। फसल में आग की किसी घटना का पता लगते ही काबू के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। पूर्व से कार्यरत फायर स्टेशनों के साथ ही क्षेत्र विशेष के अनुसार सीजनल फायर स्टेशन भी चौबीसों घंटे क्रियाशील रखे जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रामनवमी पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व साफ-सफाई के भी विशेष निर्देश दिए।
कल करेंगे कन्या पूजन, डिस्टिलरी का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामनवमी के अवसर पर रविवार को गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन करेंगे। इसके बाद राम जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर बाद गीडा सेक्टर 26 स्थित केयान डिस्टिलरी का उद्घाटन करेंगे। सोमवार को सुबह 10:30 बजे एमएमएमयूटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।