सीएम योगी ने दिए निर्देश: बारिश से पहले संक्रामक बीमारियों की रोकथाम का करें इंतजाम, दवा से लेकर अन्य संसाधन करें दुरुस्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को लेकर हर कदम पर सावधानी बरतनी जरूरी है। ट्रेस, टेस्ट एंड ट्रीट की नीति को प्रभावी ढंग से जारी रखें। बारिश में इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया के प्रकोप की आशंका रहती है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बारिश से पहले संक्रामक बीमारियों के नियंत्रण को लेकर पुख्ता रणनीति बनाएं। सभी अस्पतालों में दवा से लेकर अन्य संसाधन का इंतजाम किया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम संबंधी अभियान जारी रखा जाए। वे शनिवार को उच्च स्तरीय वर्चुअल बैठक में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को लेकर हर कदम पर सावधानी बरतनी जरूरी है। ट्रेस, टेस्ट एंड ट्रीट की नीति को प्रभावी ढंग से जारी रखें। बारिश में इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया के प्रकोप की आशंका रहती है। इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति बनाएं। स्वच्छता, सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग निरंतर जारी रखें।
उन्होंने बारिश के समय पेयजल की शुद्धता बनाए रखने की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि सीएचसी-पीएचसी एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों के सुदृढ़ीकरण कार्य जल्द पूरा कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को वायरल बुखार से बचाने के लिए मेडिकल किट तैयार की जा रही है। निगरानी समितियां 15 जून से इसे गांव-गांव में बांटेंगी। इसकी निरंतर निगरानी करनी होगी। कोरोना की रोकथाम के लिए चल रहे अभियान को जारी रखा जाए। लक्षण वाले मरीजों की तत्काल जांच कराएं।
ब्लैक फंगस के मरीजों को दिलाएं राहत
सीएम ने कहा कि ब्लैक फंगस के मरीजों को उपचार दिलाने में तत्परता दिखाई जाए। मरीजों के लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले इंजेक्शन जल्द से जल्द मरीजों तक पहुंचे। इंजेक्शन की डिमांड भी समय से केंद्र सरकार को भेजें।
ग्राम प्रधानों को करें जागरूक
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम प्रधानों को उनके अधिकारों, प्रोजेक्ट चयन, बैठक, सफाई, जल निकासी, आय बढ़ाने आदि के लिए जागरूक किया जाए। ग्राम प्रधानों के पैन कार्ड तैयार कराकर बैंक खाते खुलवाए जाएं।
गेहूं खरीद केंद्र को रखें सक्रिय
मुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं खरीद केंद्र को निरंतर सक्रिय रखा जाए। अब तक 10 लाख से अधिक किसानों से 51 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। कुल गेहूं खरीद के 88 प्रतिशत से अधिक मूल्य का भुगतान भी किसानों को किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक तीन करोड़ से अधिक लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण किया जा चुका है।