लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने की जनसभा : बोले- डबल इंजन की सरकार में दंगाइयों के पोस्टर छपेंगे, मिलेगी सजा
भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर पैर छूकर उनका अभिनवादन किया। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार व्यक्ति को टिकट मिले तो उसे जिताकर विधानसभा भेजना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। दंगाइयों को मालूम है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार के कार्यकाल में दंगा करने पर सजा मिलने के साथ चौराहे पर पोस्टर भी चिपकाये जाएंगे। पांच वर्ष में प्रदेश से गुंडाराज खत्म हुआ और जनता ने चैन की सांस ली। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बालू अड्डा के संजय गांधी नगर में लखनऊ मध्य के प्रत्याशी रजनीश गुप्ता के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते समय कहीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा के विकास कार्यों व उपलब्धियों गिनाते हुए कहा कि बालू अड्डा में पहले बदबूदार नालियां, गड्ढायुक्त सड़कें और बदहाल स्थिति नजर आती थी। भाजपा सरकार में यहां की तस्वीर बदली है। लखनऊ मध्य विधानसभा में बैठकर ही प्रदेश के विकास की नीति तय होती है। आज लखनऊ स्मार्ट सिटी बनने की ओर अग्रसर है। इसलिए यूपी के विकास को तय करने वाली लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से भी भाजपा का विधायक चुना जाना चाहिए। इस अवसर पर अपर्णा यादव, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, गोविंद नारायण शुक्ल, रजनीश गुप्ता, राम सिंह वाल्मीकि, अमित पुरी, नागेंद्र सिंह चौहान व अन्य लोग उपस्थित रहे।
गुजरात ब्लास्ट का समाजवादी कनेक्शन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्ष 2008 में गुजरात में सीरियल ब्लास्ट हुआ था। जिसमें दर्जनों लोग मारे गए थे।शुक्रवार को इसके आरोपियों को सजा सुनाई गई। इस घटना के जिम्मेदार आतंकवादियों का संबंध आजमगढ़ से होने के साथ साथ इनके परिजनों का संबंध समाजवादी पार्टी से है। इनका नाम समाजवादी है लेकिन इस पार्टी के सारे काम दंगावादी रहे हैं।
इत्र वाले मित्र के पास जाता था गरीबों का पैसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार में 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय, 1 लाख 21 हजार से अधिक मजरों को बिजली कनेक्शन समेत विकास की कई योजनाओं से आम लोगों को आच्छादित किया गया। यूपी के कोरोना प्रबंधन को देश और दुनिया में सराहा गया। यूपी में कोविड वैक्सीन का रिकार्ड वैक्सीनेशन हुआ। कोरोना की तीसरी लहर में हर यूपी का हर व्यक्ति सुरक्षित रहा। डबल इंजन की सरकार में किसी गरीब को राशन की चिंता नहीं करनी पड़ी। हर महीने हर गरीब को डबल डोज राशन मिल रहा है। भाजपा राज में गरीब के हक का पैसा गरीब तक पहुंचता है।उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में गरीब के हक का ये पैसा इत्र वाले मित्र के घर पहुंचता था। पहले प्रदेश में महोत्सव के नाम पर भद्दा मजाक होता था। अब भाजपा राज में दीपोत्सव, रंगोत्सव व दिव्य कुंभ के साथ श्रृंगवेरपुर में निषाद राज के किले के पास भव्य राम की प्रतिमा की स्थापना हुई है। डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में भगवान राम की रामायण लिखने वाले महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर मंदिरों में अखंड रामायण का पाठ होता है।
नए उत्तर प्रदेश में युवाओं को सरकार देगी डिजिटल एक्सेस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश तकनीक के साथ में आगे बढ़ रहा है। आज 5 शहर मेट्रो सिटी बन चुके हैं। अन्य पांच शहरों में मेट्रो निर्माण का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी नौकरी में युवाओं को प्राथमिकता मिलती है। प्रदेश के एक करोड़ लोगों को फ्री में टैबलेट और स्मार्टफोन दिया है। आगे 2 करोड़ नौजवानों को टैबलेट और स्मार्टफोन देंगे। सभी का डिजिटल एक्सेस सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को लखनऊ में मतदान होगा। प्रदेश केे विकास पर आगे बढ़ाने के साथ भयमुक्त व दंगामुक्त बनाये रखने के लिए प्रत्याशी रजनीश गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनायें।
मैं विधायक बना तो हर व्यक्ति होगा विधायक
लखनऊ मध्य से भाजपा प्रत्याशी रजनीश गुप्ता ने कहा कि हमेशा सामान्य कार्यकर्ता के रूप में सेवा की है। अगर मैं विधायक बना तो मेरी विधानसभा का हर आम नागरिक विधायक होगा।
अपर्णा यादव ने छुए सीएम के पैर, कहा- 10 मार्च के बाद भगवान राम का नारा होगा बुलंद
भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर पैर छूकर उनका अभिनवादन किया। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार व्यक्ति को टिकट मिले तो उसे जिताकर विधानसभा भेजना चाहिए। लखनऊ मध्य से प्रत्याशी रजनीश गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनायें। सोशल मीडिया पर भी रजनीश गुप्ता की लहर साफ दिख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमेशा मर्यादाओं को जिया है। हम सभी राम का नारा लगाते हैं। 10 मार्च के बाद भगवान राम का नारा बुलंद करना होगा। भाजपा सरकार में बहू व बेटियां सुरक्षित हैं। इसके साथ भाजपा ने तीन तलाक, धारा 370 समेत विकास के लिए जो निर्णय लिये हैं, उसका जनता से जोरदार स्वागत किया है।