कुछ इस तरह होगी अखिलेश की ‘डिजिटल सीएम’ के रूप में ब्रांडिंग, ये रहा प्लान
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार डवलपमेंट के काम को आगे कर विधानसभा चुनाव में उतरना चाहते हैं। इसी मकसद से उनके रणनीतिकारों ने सपा सरकार में डिजिटल डिवाइस के जरिये आमजन को उपलब्ध कराई गई नवोन्मेषी सुविधाओं की ब्रांडिंग की तैयारी तेज कर दी है।
इसमें हेल्पलाइन, मोबाइल एप व इंटीग्रेटेड शिकायती पोर्टल जैसे कई नए काम शामिल हैं। रणनीतिकार अखिलेश की ‘डिजिटल सीएम’ की छवि पेश कर विकास कार्यों को और चमकाना चाहते हैं। केंद्र सरकार जिस तरह अपने कार्यक्रमों में ई-गवर्नेंस की ब्रांडिंग कर रही है, अखिलेश की ब्रांडिंग उसी का जवाब मानी जा रही है।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि अखिलेश सरकार ने जिस तरह आगरा एक्सप्रेस-वे, लखनऊ मेट्रो, आईटी सिटी सहित डवलपमेंट के कई बड़े काम किए हैं, वैसे ही आमजन का जीवन सहज बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ई-गवर्नेंस व मोबाइल (एम) गवर्नेंस को लेकर कई बेहतरीन पहल की है।
लापता सामानों की रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में पुलिस की किस तरह मिन्नतें करनी पड़ती थी, लोग भूले नहीं हैं। अब यूपी पुलिस लॉस्ट रिपोर्ट एप्लीकेशन पर घर बैठे सूचना दर्ज कराके पावती पाई जा सकती है।
इसी तरह जन शिकायतों की सुनवाई के लिए हर महकमे के अलग-अलग पोर्टल थे और उस पर कार्रवाई का कोई निगरानी तंत्र नहीं था। मुख्यमंत्री ने इसे खत्म करवाके एक जन सुनवाई पोर्टल शुरू कराया।
इसमें की गई शिकायतों की मॉनिटरिंग उनका कार्यालय करता है। शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की स्थिति जानने का विकल्प भी है। अब तक 11.50 लाख से ज्यादा आई शिकायतों में से 8.50 लाख का निस्तारण हो चुका है।
महिलाओं की मदद के लिए 1090 हेल्पलाइन की काफी सराहना हुई है। मुख्यमंत्री विधानसभा में चार लाख से अधिक महिलाओं को अब तक मदद पहुंचाने का दावा कर चुके हैं।
हेल्पलाइन 1090 की हुई काफी सराहना
सत्ता में आने के बाद अखिलेश ने 18 लाख युवाओं को लैपटॉप बांटकर खूब वाहवाही पाई थी। अब अगले चुनाव में गरीबों को मोबाइल देने का एलान कर युवाओं और किसानों को लुभाने का नया दांव चला है।
मुख्यमंत्री की डिजिटल दुनिया से लोगों को जोड़ने के लिए की गई पहल को एक वेबसाइट के जरिये पेश किया जा रहा है। ‘डिजिटलसीएम.इन’ नाम की यह वेबसाइट अखिलेश के डिजिटल प्रयोगों का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराती है। इसे सामने लाने की सबसे बड़ी वजह युवाओं में मोबाइल, स्मार्टफोन व सोशल मीडिया के प्रति खासा क्रेजी होना है।
इन मुख्य कामों की हो रही ब्रांडिंग
- शक्ति 1090 मोबाइल एप्लीकेशन
- यूपी पुलिस लॉस्ट रिपोर्ट एप्लीकेशन
- चीफ मिनिस्टर बैंकिंग एंड बीमा हेल्पलाइन-1520
- मोबाइल टिकटिंग एप
- समाजवादी अखिलेश मोबाइल एप्लीकेशन
- एम-सेहत मोबाइल एप्लीकेशन
- मीडिया हेल्पलाइन-1880-1800-303
- वेब पोर्टल-यूपी न्यूज 360
- 181 महिला आशा ज्योति हेल्पलाइन
- फेसबुक के साथ बूस्ट योर बिजनेस इनीसिएटिव
- जनसुनवाई: इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रीड्रेसल सिस्टम
- घर बैठे ऑनलाइन एफआइआर दर्ज करने की सुविधा
- डायल-100 की तैयारी
- यूपी पुलिस सोशल मीडिया सेल
- बिजली बिल भुगतान की ऑनलाइन सुविधा
- ऑनलाइन पेंशन भुगतान सुविधा
- कोषागारों में ई-पेमेंट की सुविधा
- वाट्स एप नंबर 9452247111, 9452257111 पर किसान चौपाल