बेटी ने लिखी खून से चिट्ठी, सीएम ने दिया घर, पैसा और नौकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बुलंदशहर में दो बेटियों के सामने उनकी मां को जिंदा जला दिया गया। जलाने वाला और कोई नहीं बल्कि उनका पिता था। मां का कुसूर सिर्फ इतना था कि वह बेटे को जन्म न दे सकी थी।
दो महीने पहले हुई इस घटना पर हुआ कार्रवाई से असंतुष्ट मृतका की बेटियों ने यूपी के सीएम खून से चिट्ठी लिखी। मृतका की बेटियां चाहती हैं कि सीएम उनकी मां की जान लेने वालों को सख्त से सख्त सजा दें।
ये खबर वायरल होते ही पुलिस अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। साथ ही पीड़ित परिवार ने सीएम अखिलेश यादव से शनिवार को मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वसन दिया साथ ही बेटियों को रहने के लिए आवास, 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद और मामा को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
बच्चों के सामने ली मां की जान
जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा की रहने वाली अन्नू बंसल की शादी सन 2000 में चांदपुर के रहने वाले मनोज बंसल से हुई थी। शादी के बाद अन्नू ने दो बेटियों को जन्म दिया। बेटियां लतिका और तान्या इस वक्त 14 और 10 साल की हैं।
बीते 14 जून को लतिका और उसकी छोटी बहन तान्या के सामने उनकी मां को मिट्टी का तेल छिड़ककर जला दिया गया। दो दिन बाद अन्नू की अस्पताल में मौत हो गई।
अन्नू के मायकेवालों ने उसके पति समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई लेकिन पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मनोज बंसल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
लतिका बताती है कि वह अपने मामा के साथ सभी रैंक के अफसरों से मिल चुकी हैं लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। आखिरकार दोनों बहनों ने खून से चिट्ठी लिखकर सीएम से गुहार लगाई।