{"_id":"657fcef9c003d8a616077045","slug":"clash-between-kashmiri-sellers-and-nagar-nigam-team-in-lucknow-2023-12-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow: मेवा बेच रहे कश्मीरियों को हटाने पर हंगामा, नगर निगम दस्ते से मारपीट, सात का शांतिभंग में चालान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow: मेवा बेच रहे कश्मीरियों को हटाने पर हंगामा, नगर निगम दस्ते से मारपीट, सात का शांतिभंग में चालान
Mon, 18 Dec 2023 10:18 AM IST
ishwar ashish
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Mon, 18 Dec 2023 10:18 AM IST
सार
उपराष्ट्रपति व मुख्यमंत्री दौरे को लेकर 1090 पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। नगर निगम दस्ते ने कुछ दुकानदारों का सामान जब्त कर गाड़ी में रख लिया गया। इस पर कश्मीरी भड़क गए और गाड़ी पर चढ़ गए। जब उन्हें रोका गया तो मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन
सड़क पर बिखरा ड्राई फ्रूट।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
गोमती नगर में 1090 चौराहा और उसके आसपास पुल व चौराहे पर मेवा बेचने वाले कश्मीरी बार-बार मना किए जाने के बाद भी यहां दुकान सजा लेते हैं। रविवार को उपराष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जब इनको यहां से हटाया गया तो इन्होंने हंगामा कर दिया। इन्होंने न सिर्फ नगर निगम दस्ते से मारपीट की, बल्कि जब्त किया गया सामान भी जबरन गाड़ी से उतार लिया। सूचना पर पहुंची गोमती नगर पुलिस ने सात विक्रेताओं को पकड़ कर शांतिभंग में उनका चालान कर दिया।
विज्ञापन
कर अधीक्षक विजय शंकर ने बताया कि रविवार को उपराष्ट्रपति के आगमन व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गोमती नगर में 1090 चौराहा के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा था ताकि रूट साफ रहे। चौराहे पर और पुल पर बड़ी संख्या में मेवा बेचने वाले कश्मीरियों को दुकान हटाने के लिए कहा गया, साथ ही बताया गया कि वीआईपी दौरा है। इसके बाद भी वे नहीं हटे। ऐसे में कुछ दुकानदारों का सामान जब्त कर गाड़ी में रख लिया गया। इस पर कश्मीरी भड़क गए और गाड़ी पर चढ़ गए। जब उन्हें रोका गया तो मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - यूपी को साधने के लिए BJP ने बनाया ये प्लान, विष्णु, मोहन और भजन के जरिए बनाई खास रणनीति
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - खून से भगत सिंह की फोटो पर टीका करता था सागर, मां की ये बातें सुन पुलिसवाले हैरान
गाड़ी के चालक विपुल को मारा और उसके कपड़े फाड़ दिए। गाड़ी पर रखा सामान उठा उठाकर बाहर सड़क पर फेंक दिया। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आई तो करीब 20 कश्मीरी तो भाग गए, लेकिन सात हत्थे चढ़ गए।
एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में सात विक्रेताओं यावर अहमद निक्कू, रउफ नजीर, आनर अहमद, मोहम्मद हुसैन, इदरीस अहमद, फैजान व वसीम अहमद पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। ये सभी वजीरगंज के गोलागंज इलाके में किराये पर रहते हैं। उधर, कश्मीरियों ने भी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान नगर निगम दस्ते पर मारपीट करने व सामान फेंकने का आरोप लगाया है।
दबाव बनाने के लिए खुद फेंका सामान
नगर निगम के जोनल अफसर आकाश कुमार का कहना है कि नगर निगम की टीम ने किसी का सामान नहीं फेंका। कश्मीरी खुद सामान फेंक रहे थे, उसका वीडियो है। कई बार उनको हटाया गया फिर भी नहीं मानते हैं। वीआईपी दौरे के दौरान भी नहीं हटते। हटाने पर बवाल करते हैं। पुल पर दुकान लगने से जाम भी लगता है।