कोविड-19: मेरठ मंडल के सभी जिलों मे प्रमुख सचिव व सचिव स्तर के प्रभारी अधिकारी नियुक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ मंडल में कोविड-19 महामारी की अधिक संवेदनशीलता के मद्देनजर वहां के सभी जिलों में प्रमुख सचिव या सचिव स्तर के अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी तैनात किया है। ये विशेष सचिव स्तर के नोडल अधिकारियों से अलग होंगे।
इसके अलावा प्रयागराज व अलीगढ़ मंडल में विशेष सचिव स्तर के दो नोडल अधिकारियों में बदलाव किया गया है। प्रदेश सरकार ने मेरठ मंडल के गौतमबुद्धनगर जिले का प्रभारी अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण को बनाया है। वह प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी हैं।
मेरठ जिले का आबकारी आयुक्त पी. गुरुप्रसाद को, बुलंदशहर का आवास आयुक्त अजय चौहान को, गाजियाबाद का एमडी राज्य विद्युत उत्पादन एवं पारेषण निगम डा. सेंथिल पांडियन सी. को, बागपत का सचिव ऊर्जा एम. देवराज को व हापुड़ का निबंधक सहकारी समितियां एसवीएस रंगाराव को प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है।
ये सभी अधिकारी सचिव स्तर के हैं। सभी प्रभारी अधिकारी अगले आदेश तक आवंटित जिले में प्रवास करेंगे। वहां जिले के समस्त विभागों में समन्वय स्थापित कर महामारी के संक्रमण की रोकथाम व इससे बचाव की समस्त आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
समस्त कोविड-19 अस्तपालों का निरीक्षण करते हुए वहां चिकित्सकों की उपलब्धता, वार्डों की साफ सफाई व मरीजों का इलाज सुनिश्चित कराएंगे। चिकित्सालयों की होल्डिंग एरिया में मरीजों को कोई कठिनाई न हो,यह भी सुनिश्चित कराएंगे। जिलों में सर्विलांस टीम का सुचारु संचालन व एंबुलेंस की व्यवस्था कराएंगे।
हर दिन अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजेंगे
सभी अधिकारी प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय को भेजेंगे। वहां चिकित्सा, पुलिस, संबंधित प्राधिकरणों व जिले की समस्त इकाइयों से जुड़े अधिकारी प्रभारी अधिकारी को पूरा सहयोग करेंगे।
शनिवार को मंडलायुक्तों के साथ संबद्ध किए गए नोडल अधिकारियों में प्रयागराज व अलीगढ़ मंडल के एक-एक अधिकारी को बदला गया है। अपर आयुक्त मनरेगा योगेश कुमार के स्थान पर निदेशक भूमि अध्याप्ति एवं सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद दिग्विजय सिंह को प्रयागराज मंडलायुक्त से संबद्ध किया गया है।
योगेश को आत्मनिर्भर यूपी रोजगार अभियान में सक्रिय आवश्यकता को देखते हुए नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। इसी तरह अलीगढ़ मंडल में नोडल अधिकारी नियुक्त एसीईओ ग्रेटर नोएडा दीप चंद्र के स्थान पर विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा नागेंद्र शर्मा को भेजा गया है।