प्रधानों पर केंद्र ने की धनवर्षा, दिए 1931 करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार ने ग्राम पंचायत चुनाव में निर्वाचित होने वाले प्रधानों के लिए खजाना खोल दिया है। चुनाव संपन्न होने के पहले ही 14 वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के हिसाब से पहली किस्त में 1931 करोड़ रुपये दे दिए हैं। नए प्रधान चुनाव जीतकर आएंगे तो उन्हें अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए खजाना भरा मिलेगा।
पंचायतीराज विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत पहली बार सिर्फ ग्राम पंचायतों को ही वित्तीय अनुदान देने का नियम बनाया है। पहले, इससे आने वाली रकम ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायतों में बंट जाती थी। यही नहीं, केंद्र ने ग्राम पंचायतों को हर साल दिए जाने वाले अनुदान को भी लगभग साढ़े तीन गुना बढ़ा दिया है।
केंद्र सरकार ने 14वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अंतर्गत सूबे की ग्राम पंचायतों में 2015-16 के लिए तय बुनियादी अनुदान के रूप में 2332.41 करोड़ का प्रावधान किया है।
विशेष सचिव पंचायतीराज महेंद्र कुमार ने इसमें से पहली किस्त के रूप में 1931.30 करोड़ रुपये निदेशक पंचायतीराज को उपलब्ध करा दिया है। अब निदेशकपंचायतीराज उदयवीर सिंह यादव यह रकम ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराएंगे। निदेशक ने बताया के ग्राम पंचायतों के खाते में रकम भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
मालामाल हुईं ग्राम पंचायतें
चौदहवें वित्त आयोग की संस्तुति पर केंद्र सरकार ने वर्ष 2015-20 की अवधि के लिए 35776.56 करोड़ रुपये की संस्तुति की है। यह 13वें वित्त आयोग की ओर से पांच वर्ष के लिए की गई संस्तुति 9787 करोड़ से साढ़े तीन गुना से भी ज्यादा है।
नए प्रधान ही कराएंगे काम
ग्राम पंचायतों के मौजूदा प्रधानों का कार्यकाल खत्म हो चुका है। लिहाजा केंद्र से मिले इस रकम से विकास संबंधी कार्य नए प्रधान ही करा पाएंगे। फिलहाल ग्राम प्रधानों के काम प्रशासक के रूप में सहायक ग्राम विकास अधिकारी (पंचायत) देख रहे हैं। पर, चुनाव आचार संहिता की वजह से प्रशासक कोई नया काम नहीं करा सकते हैं।
अवध के किस जिले को कितना मिला
सीतापुर--43,84,05,100
फैजाबाद--25,95,66,720
अंबेडकरनगर--24,87,51,440
सुल्तानपुर--26,43,94,970
बाराबंकी--33,58,53,070
गोंडा--32,25,27,100
बलरामपुर--21,26,36,130
बहराइच--30,12,82,800
श्रावस्ती--13,69,29,170
अमेठी--26,78,71,310
रायबरेली--24,87,51,440
लखनऊ--27,63,69,030
(नोट- रकम रुपये में है।)