'सपा सरकार को भी मिलेगा दिल्ली जैसा चुनाव परिणाम'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा विधानमंडल दल के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था को ग्रहण लग गया है। प्रदेश में गुंडाराज कायम है। जनता इससे त्रस्त हो चुकी है। आए दिन डकैती, फिरौती, हत्या, लूटपाट, अपहरण, जमीनों पर कब्जे आदि घटनाएं हो रही हैं।
सरकारी तंत्र अराजकता की भेंट चढ़ चुका है। बसपा बुधवार से शुरू होने वाले विधान मंडल सत्र में सरकार को कानून व्यवस्था व किसानों की समस्याओं पर घेरेगी।
कहा, मोदी सरकार को जनता से वादा खिलाफी करने पर दिल्ली की जनता ने सजा दे दी है। इसी तरह 2017 के विधान सभा चुनाव में प्रदेश की जनता सपा सरकार को भी सजा देगी।
मंगलवार को बसपा विधानमंडल दल के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब की भट्ठियां धधक रही हैं। हाल ही में लखनऊ व उन्नाव में सैकड़ों लोग मरे हैं।
उन्नाव में नदी से सैकड़ों नरकंकालों का मिलना भी बड़ा संदेह पैदा करता है। अखिलेश सरकार कानून व्यवस्था के मसले पर बेबस साबित हो रही है।
किसानों को लेकर भी अखिलेश को घेरा
मौर्य ने कहा, गन्ना किसानों का पिछले पेराई सत्र का ही 2700 करोड़ रुपये बकाया है। धान खरीद भी बिचौलियों की भेंट चढ़ गई है। खाद की कालाबाजारी हो रही है। किसान परेशान हैं।
स्वाइन फ्लू से निपटने में भी सरकार नाकाम
विधान परिषद में बसपा के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, प्रदेश सरकार स्वाइन फ्लू से निपटने में भी फेल साबित हुई है। यह बीमारी बढ़ती जा रही है। केवल कुछ बेड आरक्षित कर देने से यह दूर होने वाली नहीं। स्वास्थ्य विभाग के पास दवा ही नहीं है। यह मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया जाएगा।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा, आजम खां को सरकार ने जो शोध संस्थान दिया है वह पूरी तरह गलत है। यदि सदन पूरा चलेगा तो वे इस मुद्दे को भी उठाएंगे। प्रदेश में खनन के नाम पर लूट हो रही है। इस पर भी सरकार को घेरा जाएगा।