बसपा नेता की दंबगई, जिम में पत्रकार से की बदसलूकी, साथियों सहित पीटा, मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा जिले के तरबगंज विधान सभा के बसपा प्रत्याशी रहे इन्द्र प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह परास ने शहर के मंडेनाला के पास स्थित एक जिम में एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के पत्रकार की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद फिर लौटे और कुछ कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मारपीट की घटना की सूचना पर जिम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे का रिकॉर्ड खंगाला। पत्रकार अभिषेक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह ने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार की सुबह मंडेनाला के पास जिम में बसपा नेता कसरत कर रहे थे। वहीं पत्रकार अभिषेक सिंह भी थे। उन्होंने पप्पू सिंह से कहाकि आपका हो गया हो तो मेरा एक स्टेप बचा है कर लूं मुझे जल्दी है। इस पर बसपा नेता ताव में आ गए और कहासुनी हो गई। वहां पर मौजूद बसपा नेता के साथी भानू प्रताप सिंह उर्फ सुड्डू सिंह पत्रकार को पीटने लगे। इस दौरान अन्य साथियों ने भी अभिषेक की पिटाई कर दी। जिम के लोगों ने बीच बचाव कराया।
वहां से बसपा नेता साथियों के साथ चले गए। पत्रकार अभिषेक सिंह का कहना है कि थोड़ी देर बाद फिर बसपा नेता वापस आए। इस बार उनके साथ कई साथी थे और सभी असलहों से लैस थे। अभिषेक का कहना है कि उन्हें बसपा नेता ने धमकाया और कहा कि कुछ करोगे तो जान से हाथ धोओगे। इसके बाद फिर धमकाते हुए चले गए।
बसपा नेता व उनके साथियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पत्रकार के साथ हुई घटना से पत्रकारों में आक्रोश है। पुलिस ने अभिषेक सिंह की तहरीर पर बसपा नेता पप्पू सिंह परास व भानू प्रताप सिंह के साथ ही अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी पुलिस
पत्रकार पिटाई मामले में पुलिस तेवर में आ गई है। पुलिस अधीक्षक ने कडे़ तेवर दिखाए और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। घटना के थोड़ी ही देर में पुलिस ने जिम पहुंचकर सभी रेकार्ड लिए और लोगों से जानकारी हासिल की है। साथ ही आरोपितों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्रकारों को पूरी सुरक्षा दी जा रही है। मामले में हर स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
नहीं जानता था कि पत्रकार हैं
बसपा नेता पप्पू सिंह परास का कहना है कि उन्हें नहीं पता था कि अभिषेक पत्रकार हैं। वह कसरत कर रहे थे और उठने को कह रहे थे। उन्होंने किसी के साथ अभद्रता नहीं की है। वह स्वयं भिड़ गए थे।