बसपा के 300 प्रत्याशियों की सूची जारी, इन्हें दिया गया मौका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए 100 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की। इसमें 27 मुस्लिम, 22 अनुसूचित जाति और छह महिला प्रत्याशी हैं।
बसपा अब तक 300 प्रत्याशियों का एलान कर चुकी है। पार्टी की फाइनल सूची में बाकी 103 प्रत्याशियों के नाम का एलान रविवार को हो सकता है।
बसपा अध्यक्ष ने शनिवार को 22 जिलों की जिन 100 प्रत्याशियों का एलान किया, वे अवध के बाराबंकी, बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, रायबरेली, बहराइच व श्रावस्ती के अलावा, उन्नाव, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, इलाहाबाद, जालौन, झांसी,ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर जिले से हैं।
इस सूची में शामिल प्रमुख प्रत्याशियों में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर अंबेडकरनगर की अकबरपुर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गयाचरण दिनकर बांदा की नरैली और पूर्व वित्त मंत्री लालजी वर्मा अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से भाग्य आजमाएंगे।
सरकार को मिली लोकायुक्त की रिपोर्ट पर फैसला नहीं
पिछले विधानसभा चुनाव में लोकायुक्त के स्तर पर जांच लंबित होने के आधार पर राम अचल का टिकट काट कर उनके बेटे संजय राजभर को प्रत्याशी बनाया गया था। लोकायुक्त जांच रिपोर्ट सरकार को मिल चुकी है, लेकिन अभी तक उस पर कोई निर्णय नहीं हुआ है।
पांच साल में भी कोई निर्णय न होने के मद्देनजर मायावती ने राम अचल को ही मौका देने का फैसला किया है। उनके बेटे को टिकट नहीं दिया गया है। पूर्व सांसद राकेश पांडेय के बेटे रितेश पांडेय को अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है तो पूर्व सांसद त्रिभुवन दत्त आलापुर सुरक्षित सीट से प्रत्याशी होंगे। पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद गोसाईंगंज (फैजाबाद) से भाग्य आजमाएंगे।
तीन विधायकों के टिकट काटे
मायावती ने जिन 100 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, उनमें 13 पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं। फतेहपुर की अयाहशाह से विधायक व पूर्व मंत्री अयोध्या प्रसाद पाल, ललितपुर से रमेश प्रसाद कुशवाहा और महोबा से राज नारायण उर्फ रज्जू का टिकट काट दिया गया है। पाल सपा और कुशवाहा भाजपा जॉइन कर चुके हैं।
इन विधायकों पर भरोसा कायम
प्रत्याशी--विधानसभा क्षेत्र--जिला
कृष्ण कुमार ओझा--महसी--बहराइच
सुखदेव प्रसाद वर्मा--बिंदकी--फतेहपुर
मोहम्मद आसिफ शेख--हुसैनगंज--फतेहपुर
इंद्रजीत सरोज--मंझनपुर--कौशांबी
दीपक पटेल--करछना--इलाहाबाद
पूजा पाल--इलाहाबाद पश्चिम
राजबली जैसल कोरांव--इलाहाबाद
फेरनलाल अहिरवार--महरौनी--ललितपुर
गयाचरण दिनकर--नरैनी-बांदा
चंद्रभान सिंह पटेल--मानिकपुर--चित्रकूट
तीसरी सूची में छह महिलाएं
तीसरी सूची में छह महिला प्रत्याशियों को भी मौका दिया गया है। इनमें बाराबंकी की जैदपुर सीट से मीता गौतम, इलाहाबाद की सोरांव से गीता पासी, इलाहाबाद पश्चिम से विधायक पूजा पाल, बांदा की बबेरू सीट से किरन यादव, बहराइच की बलहा से किरन भारती व सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज सीट से सैय्यदा खातून शामिल हैं।
रिटायर्ड पीसीएस वीपी सिंह को कुर्सी से मौका
अवकाश प्राप्त पीसीएस अधिकारी वीपी सिंह बाराबंकी की कुर्सी सीट से सियासी पारी की शुरुआत करेंगे। सिंह बाराबंकी में मुख्य विकास अधिकारी, केजीएमयू लखनऊ के रजिस्ट्रार और पंचायतीराज जैसे अहम महकमे के निदेशक रहे हैं।