PoK में सर्जिकल स्ट्राइक देर से उठाया गया सही कदम: मायावती
बसपा कार्यालय द्वारा जारी किए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सीमा के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक कर सेना ने देश से किया अपना वादा निभाया, जिसके लिए सेना बधाई की पात्र है।
वहीं, मायावती ने सरकार की यह कहकर आलोचना की है कि यह मोदी सरकार द्वारा देर से उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि अगर पठानकोट हमले के बाद भी सरकार ऐसी कार्रवाई सेना को करने के लिए कहती तो 18 सितंबर को उड़ी में शहीद हुए जवानों की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने मोदी सरकार से अपील की कि सरकार सेना को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करे और देश की सीमाओं को और सुरक्षित किया जाए, जिससे कि देश की अखण्डता को कोई खतरा न पैदा हो।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का बयान राजनीति से प्रेरित
मायावती ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के सम्बंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान कि 'इस घटना के बाद नये भारत का उदय हुआ है' राजनीति से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि ये मोदी सरकार के लिए जश्न मनाने का समय नहीं है और न ही अतिउत्साहित होने का मौका है। खासकर वर्तमान घटना के बाद देश के समक्ष चुनौतियों का खतरा काफी बढ़ गया है, ऐसे में देश व नागरिकों की सुरक्षा के लिए काफी सावधान रहना होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले ढ़ाई साल में देश की अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं को सुरक्षित बनाने के लिए ज्यादा प्रयास नहीं किया, जिस पर और भी ज्यादा काम किए जाने की जरूरत है।