Lucknow News: दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए बालक की डूबने से मौत, अवैध खनन से बन गया है गहरा गड्ढा
लखनऊ में दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए बालक की डूबने से मौत हो गई। अवैध खनन से गहरा गड्ढा बन गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी लखनऊ में अवैध खनन से बने गहरे तालाब (गड्ढा) में नहाते समय डूबने से बालक की मौत हो गई। वह स्कूल से आने के बाद दोस्तों और छोटे भाई के साथ नहाने के लिए चला गया था। फिर कभी नहीं लौटा। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
घटना एसजीपीजीआई कोतवाली क्षेत्र के सभाखेड़ा कल्ली पश्चिम गांव की है। गांव निवासी सफाई कर्मी राकेश कुमार के बेटे जितेंद्र कुमार (13) की डूबने से मौत हुई है। मां सुमन ने बताया कि बेटा गांव के एक निजी विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। सुबह 11:30 बजे स्कूल से घर आया था। खाना खाने के बाद दोस्त हिमांशु, पुनीत व छोटे भाई मनीष के साथ गांव के बाहर तालाब में नहाने चला गया।
दोस्त बच गया, भाई डूब गया
छोटे भाई मनीष (11) ने बताया कि वह तालाब में किनारे की ओर नहा रहा था। उसका भाई और हिमांशु गहरे पानी में चले गए। वहां दोनों डूबने लगे। उसने पास में ही पड़ी एक लकड़ी को फेंका तो हिमांशु ने उसे पकड़ लिया। जितेंद्र लकड़ी को नहीं पकड़ पाया और डूब गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। खबर मिली तो घरवाले भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। किसी तरह तालाब से निकालकर जितेंद्र को एसजीपीजीआई की इमरजेंसी में लाया गया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन से बना है तालाब (गड्ढा)
आसपास के लोगों को कहना है कि पास में बनी टाउनशिप में कार्य हेतु यहां पर अवैध खनन काफी मात्रा में किया गया। इसके बाद वहां गहरा तालाब (गड्ढा) बन गया। खनन माफिया द्वारा खोदे गए अवैध तालाब में डूबकर बालक की मौत हो गई।