लखनऊ के गांधी सेतु से बुधवार दोपहर मड़ियांव के ताड़ीखाना नायकनगर निवासी 11वीं के छात्र गौरव उर्फ गोपाल यादव (16) और उसके मोहल्ले की शिव्यांशी अवस्थी (15) ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई इस घटना से हड़कंप मच गया।
गांधी सेतु और गोमती रिवर फ्रंट पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों को निकाला। गौरव को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जबकि शिव्यांशी को पुलिस ने सिविल अस्पताल भेजा। दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि गौरव बीकेटी इंटर कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। दोपहर करीब पौने तीन बजे वह बाइक से शिव्यांशी को लेकर गांधी सेतु पहुंचा। पुल के बीच पहुंचकर उसने बाइक किनारे खड़ी की फिर दोनों पुल की बाउंड्रीवाल पर चढ़ गए।
पुल पर मौजूद लोगों ने दोनों को टोका लेकिन एक-दूसरे का हाथ पकड़कर उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद वहां सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया। इस बीच पुलिस ने गौरव के परिवारीजनों को फोन कर सूचना दी। परिवारीजन आनन-फानन गांधी सेतु पहुंचे लेकिन तब तक दोनों की सांसों की डोर टूट चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों का कई साल से मेलजोल था। गौरव के पिता आरपी यादव का आईआईएम रोड पर गोपाल वस्त्रालय के नाम से शोरूम है। गौरव के अलावा बड़ा बेटा प्रभात वकालत कर रहा है। तीन बहनों में एक की शादी हो चुकी है।