राम का नाम और योगी का काम करेगा चुनावी नैया पार: साढ़े चार साल की उपलब्धियों पर बुकलेट तैयार
बुकलेट के कवर पेज पर अयोध्या स्थित भगवान रामलला की फोटो के नीचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगाई गई है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे को धार देने के लिए बुकलेट में प्रयागराज में भव्य कुंभ के सफलतापूर्वक आयोजन, काशी विश्वनाथ धाम का विकास, गंगा यात्रा आयोजन, मथुरा में कृष्णोत्सव और बरसाने की होली को प्राथमिकता दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में भगवान राम का नाम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का काम भाजपा की चुनावी नैय्या को पार लगाएंगे। प्रदेश सरकार ने साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियों पर तैयार बुकलेट ‘इरादे नेक, काम अनेक’ में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और सामाजिक सरोकार के एजेंडे के साथ सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया है।
बुकलेट के कवर पेज पर अयोध्या स्थित भगवान रामलला की फोटो के नीचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगाई गई है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे को धार देने के लिए बुकलेट में प्रयागराज में भव्य कुंभ के सफलतापूर्वक आयोजन, काशी विश्वनाथ धाम का विकास, गंगा यात्रा आयोजन, मथुरा में कृष्णोत्सव और बरसाने की होली को प्राथमिकता दी गई है। वहीं ब्रज तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद, विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद और चित्रकूट धाम तीर्थ विकास परिषद के साथ चौरी चौरा शताब्दी वर्ष जैसे आयोजनों से भी हिन्दुत्व को धार देने की कोशिश की है।
बुकलेट में कोरोना संक्रमण कॉल में प्रदेश सरकार की चिकित्सा व्यवस्थाओं और मोदी सरकार के मुफ्त राशन वितरण को मुफ्त टीका-मुफ्त राशन शीर्षक से प्रमुखता दी गई है। एक ओर जहां प्रदेश की 15 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में मिल रहे मुफ्त राशन को बड़ी उपलब्धि बताया है। वहीं दूसरी ओर 2016 की तुलना में 2020-21 में डकैती में 66.33 प्रतिशत, लूट में 66.34 प्रतिशत, हत्या में 24.89 प्रतिशत, बलवा में 28.96 प्रतिशत, और बलात्कार में 33.60 प्रतिशत की कमी को बड़ी उपलब्धि माना है। विपक्ष एक ओर जहां किसान आंदोलन को मुद्दा बना रहा है वहीं सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 48 लाख किसानों को 1.40 लाख करोड़ के गन्ना मूल्य का भुगतान और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना जैसी योजनाओं के जरिये प्रदेश के किसान खुशहाल होने का दावा किया है।
रोजगार को बताया बड़ी उपलब्धि
प्रदेश सरकार ने 4.25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 3 लाख युवाओंको संविदा पर सरकारी नौकरी, 82 लाख एमएसएमई इकाइयों में 2 करोड़ लोगों को स्वरोजगार, बड़ी औद्योगिक इकाइयों में तीन लाख लोगों को रोजगार सहित अन्य माध्यमों से मिले रोजगार को बड़ी उपलब्धि बताया है।
साढ़े चार साल में स्मार्ट सिटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, एमएसएमई उद्योगों की स्थापना, स्वच्छ भारत मिशन में शौचालय निर्माण, पीएम किसान सम्मान निधि, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सहित अन्य क्षेत्रों में देश में अव्वल रहने को भी बड़ी उपलब्धि बताया है।
बुकलेट के अंतिम पेज पर सरकार और संगठन में समन्वय का संदेश देने की कोशिश भी कोशिश भी की गई है। अंतिम पेज पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की भी फोटो प्रकाशित की गई है।