बागी हुए भाजपाई, हर तरफ 'फुंक' रहे राजनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजनाथ सिंह खुद पूर्वांचल के हैं। पर, पूर्वांचल में नहीं बल्कि उनके घर चंदौली में भी प्रत्याशियों को लेकर उनका विरोध हो रहा है।
बुधवार को जगह-जगह उनके पुतले फूंके गए और विरोध में नारे लगे। सलेमपुर में रविंद्र कुशवाहा को प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज लोगों ने सिंह का पुतला फूंका।
भाजपा नेता पंकज शेखर के समर्थकों ने भी सिंह का पुतला फूंका।
राजनाथ के घर चंदौली में निर्दलीय विधायक सुशील कुमार सिंह को भाजपा का टिकट न मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने सिंह का पुतला फूंक गुस्सा जताया।
जगदंबिका आए, तो बढ़ा गुस्सा
भाजपा प्रत्याशियों को लेकर नेताओं के खिलाफ कार्यकर्ताओं में भड़की विद्रोह की आग ठंडी पड़ने के बजाय नए जिलों को चपेट में लेती जा रही है।
बुधवार को भी कुछ जिलों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का पुतला फूंका गया। सीतापुर में राजेश वर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में भी कार्यकर्ता मुखर हो उठे हैं।
जगदंबिका को पार्टी में लेने के खिलाफ नारेबाजी करके विरोध जता रहे कार्यकर्ताओं का गुस्सा उस समय और भड़क उठा जब उन्हें यह पता चला कि पाल की भाजपा में इंट्री हो गई है।
गाजियाबाद से प्रत्याशी घोषित सेवानिवृत्त मेजर जनरल वीके सिंह का स्वागत भी हाय-हाय के नारों के साथ किया गया।
अवध में तीखे हो रहे विरोधी स्वर
प्रत्याशियों की पहली सूची आने के साथ फूटे असंतोष के सुर अवध में अधिक तीखे होते जा रहे हैं। सीतापुर में तो पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ वहां के जिलाध्यक्ष ज्ञान तिवारी ने ही ताल ठोंक दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेतृत्व के निर्णय से कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। अब कार्यकर्ताओं को अपना फैसला करना है।
बहराइच में प्रत्याशी सावित्री बाई फूले को लेकर भी पार्टी में दो फाड़ हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष नन्हेंलाल लोधी ने कहा कि पिछड़ी जाति के 90 प्रतिशत लोग अक्षयवर लाल को अपना उम्मीदवार मान रहा था।
पार्टी के जिला मंत्री धीरेंद्र मोहन आर्य ने सावित्री बाई फूले को दलबदलू बताया। कई कार्यकर्ताओं के त्यागपत्र देने की खबर है। कुछ लोगों ने राजनाथ को पत्र लिखकर प्रत्याशी पर पुनर्विचार की मांग की है।
अयोध्या में भी जलाए गए राजनाथ
फैजाबाद में प्रत्याशी लल्लू सिंह के खिलाफ भड़का असंतोष भी जारी है। रुदौली सहित कुछ स्थानों पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का पुतला फूंका गया।
अयोध्या में राम की पैड़ी पर भी विक्रम सिंह, महंत वीरेंद्र दास सहित कुछ लोगों ने राजनाथ का पुतला फूंका। लक्ष्मण किला के महंत मैथली रमण शरण ने कहा कि वह भाजपा के विरोध में नहीं है। मेरी मांग प्रत्याशी बदलने की है। इस बीच, विनय कटियार और विहिप की तरफ से प्रत्याशी का विरोध न करने की सफाई आई है।
कटियार के प्रतिनिधि आदित्य मिश्र ने कहा कि विरोध में उनके नेता का हाथ नहीं है। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह ने दावा किया कि सपा और प्रशासन साठगांठ करके उनके खिलाफ माहौल बना रहा है।
'पाल उतरे तो सिखाएंगे सबक'
पाल को भाजपा में लेने की खबर के साथ यहां पार्टी मुख्यालय पर पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।
आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिशन पाल को भाजपा में लाकर उन्हें चुनाव लड़ाना चाहते हैं।
एक कार्यकर्ता अजय पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा को धोखा देने वाले आदमी को भी पार्टी में लेकर कार्यकर्ताओं को अपमानित किया जा रहा है।
यह उन कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी नेताओं का विश्वासघात है जो पाल की मुस्लिमपरस्त नीतियों का विरोध करते रहे और इस काम के लिए तमाम उत्पीड़न सहे। जेल भी गए।
फतेहपुर में भिड़ंत, यहां भी फंके राजनाथ
भाजपा प्रत्याशी निरंजन ज्योति और जिलाध्यक्ष के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। कई घायल हो गए।
थाने में प्रत्याशी समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी गई है। इटावा में भाजपा प्रत्याशी अशोक दोहरे के जगह-जगह पुतले फूंके गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नोटा का बटन दबाने की अपील की जा रही है। औरैया में कई कार्यकर्ताओं के त्यागपत्र देने की खबर है।
यहां राजनाथ सिंह का पुतला भी फूंका गया। फर्रुखाबाद में भी मुकेश राजपूत को भाजपा प्रत्याशी घोषित करने पर तेरह वार्ड अध्यक्षों के पार्टी छोड़ने की जानकारी मिली है।
विरोध का यह भी रंग
विरोध के तरह-तरह के तरीके भी सामने आने लगे हैं। पूर्वांचल की एक सुरक्षित सीट से भाजपा प्रत्याशी को लेकर अखबार के दफ्तरों में एक पत्र भेजा गया है।
इस पत्र में एक महिला ने खुद को भाजपा उम्मीदवार की पत्नी बताते हुए उस पर तरह-तरह के आरोप लगाए हैं। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इनका टिकट काटने की मांग की है।
यहां भी हो रहा है विरोध: अलीगढ़, बिजनौर, मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में टिकटों को लेकर भाजपा नेतृत्व के खिलाफ कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।
यहां लगातार चौथे दिन एक गुट संजीव बालियान के विरोध में मुखर रहा। अलीगढ़ में कल्याण सिंह के खिलाफ आज भी नारेबाजी हुई। कुछ स्थानों पर पार्टी नेताओं के पुतले भी फूंके जाने की खबर है।