यूपी में वर्चुअल रैलियों के जरिए लोगों से संवाद का रिकॉर्ड बनाएगी भाजपा, 21 जून से होगी शुरुआत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा उत्तर प्रदेश में वर्चुअल रैलियों के जरिए लोगों से एक साथ संवाद का रिकॉर्ड कायम करने की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश में भाजपा की क्षेत्रवार वर्चुअल रैलियां 21 जून से शुरू होंगी। सोमवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में वर्चुअल रैलियों की तैयारियों पर मंथन किया गया।
कोरोना काल में भाजपा ने लगातार लोगों से संवाद और संपर्क की रणनीति के तहत परिवार संपर्क के बाद अब वर्चुअल संवाद रैलियों की योजना बनाई है। 21 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की वर्चुअल रैली के बाद 24 जून को गोरखपुर और काशी क्षेत्र (पूर्वांचल) की वर्चुअल रैली को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जनता से संवाद करेंगे।
27 जून को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अवध और कानुपर क्षेत्र (मध्यांचल) की वर्चुअल सभा के जरिए लोगों को संबोधित करेंगी। वर्चुअल रैलियों में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों के साथ कोरोना संकट से निपटने के लिए मोदी सरकार की रणनीति, आत्मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज के साथ लॉकडाउन के दौरान किए गए सेवा कार्यों को बताया जाएगा। साथ ही प्रदेश की योगी सरकार द्वारा प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी, प्रवासी श्रमिकों के लिए रोजगार और अनाज की व्यवस्था सहित अन्य कार्यों को भी बताया जाएगा।
वर्चुअल रैलियों के जरिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता को जोड़ा जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली में दो लाख से अधिक लोगों को जोड़ने की योजना है। इसके लिए क्षेत्रवार डाटा तैयार करने सहित प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई है।
घरों में मनाएंगे योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि घर में ही योगाभ्यास कर योग दिवस मनाएंगे। 23 जून को जनसंघ के संस्थापक प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस भी घरों में ही मनाया जाएगा। बैठक में जुलाई में पौधरोपण कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई।