अरे! भाजपा अध्यक्ष ने ये कैसी मांग कर डाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विधानसभा उपचुनाव वाले क्षेत्रों में डटे सपा सरकार के मंत्रियों और बाहरी नेताओं को क्षेत्र से बाहर करने की मांग की है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर उन्होंने कहा कि लखनऊ में बुधवार को मुंशी पुलिया, इंदिरा नगर में उनकी रैली की अनुमति निरस्त करके जिला प्रशासन ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
उन्होंने बलहा विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए बहराइच के जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी को हटाने की मांग की है।
डीएम व एडीएम के बयान अलग-अलग
डॉ. वाजपेयी की अगुवाई में गुरुवार को भाजपा नेताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि पांच सितंबर के आवेदन पर उन्हें सात सितंबर को मुंशी पुलिया पर बुधवार की रैली की अनुमति दी गई थी।
इसके बाद उसी स्थान पर सपा को सभा की अनुमति जारी करना प्रशासन द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन था। उन्होंने सवाल किया कि अपने गलत कृत्यों को आधार बनाकर उनकी रैली की अनुमति निरस्त क्या आचार संहिता का पालन है?
उन्होंने कहा कि एडीएम कह रहे हैं कि सपा और भाजपा की रैलियां नजदीक में होने के कारण शांति भंग की आशंका से दोनों की अनुमति निरस्त कर दी गई।
इसके उलट डीएम कह रहे हैं कि भाजपा ने रैली आयोजन का निर्णय वापस ले लिया था, इसलिए रैली की अनुमति निरस्त की गई।
सपाइयों पर क्यों नहीं हुई कार्रवाई?
वाजपेयी ने कहा कि बलहा में भाजपा ने प्रशासन से अनुमति लेकर स्टार प्रचारक हेमामालिनी का हेलीकॉप्टर उतरने के लिए हैलीपेड बनवाया, जिसे सपा कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया।
आचार संहिता उल्लंघन की इतनी गंभीर घटना के बावजूद सपाइयों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बहराइच के डीएम, एसपी और विधानसभा निर्वाचन अधिकारी को हटाए बिना बलहा में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है। उन्होंने इन अधिकारियों को हटाने की मांग की।
भाजपा की और भी शिकायतें
-भारत निर्वाचन आयोग सभी मतदान भवनों पर केंद्रीय सुरक्षा की तैनाती का निर्णय ले चुका है। इसके बावजूद सिराथू में सपा को बूथ कैप्चरिंग कराने के लिए जान-बूझकर यूपी पुलिस की तैनाती का प्रयास किया जा रहा है।
-बलहा में इंस्पेक्टर कोतवाली भारत यादव अपनी गाड़ी में बैठकर सपा प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं।
-रोहनिया में तीन थानाध्यक्षों के खिलाफ की गई शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं। शिकायत के बावजूद सिराथू में दो कोतवाल और एक चौकी इंचार्ज को नहीं हटाया गया।
-बिजनौर विधानसभा क्षेत्र के धर्मनगरी गांव के तीन बूथों को अलग हटाने की मांग।
-बिजनौर में मंत्री महबूब अली, मूलचंद चौहान और आजम खां द्वारा लालबत्ती लगी कार और हूटर का इस्तेमाल करना।
-सिराथू में बाहुबली अतीक अहमद का 20 गाड़ियां लेकर घूमना।
-मंत्रियों के दबाव में कोटेदारों, प्रधानों के जरिये वोटरों को प्रभावित करना।
-बलहा में जिला पंचायत सचिव और पंचायत मित्रों द्वारा सपा के पक्ष में काम करने पर कार्रवाई न होना।